Pahalgam Terror Attack: इस्लामी आतंकवादियों और पाकिस्तानी आकाओं को खत्म करो, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा- हमें अपनी सरकार का समर्थन करना चाहिए
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 24, 2025 20:32 IST2025-04-24T20:31:13+5:302025-04-24T20:32:04+5:30
Pahalgam Terror Attack: हत्याओं की साजिश रची और अंजाम दिया, न कि उन लोगों की जो इसे रोकने में विफल रहे।

file photo
Pahalgam Terror Attack: कांग्रेस नेता शशि थरूर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर यह समय घरेलू आरोप-प्रत्यारोप का नहीं है। उन्होंने कहा कि इस्लामी आतंकवादियों और उनके पाकिस्तानी आकाओं को खत्म किया जाना चाहिए तथा इसके लिए जो भी सर्वोत्तम लगे, उसमें ‘‘हमें अपनी सरकार का समर्थन करना चाहिए।’’ कांग्रेस सांसद थरूर ने यह भी कहा कि कश्मीरी एकीकरण और सांप्रदायिक सद्भाव के प्रति भारत की प्रतिबद्धता कम नहीं होनी चाहिए। मंगलवार दोपहर को दक्षिण कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। थरूर ने कहा कि इस सप्ताह हुई बर्बर घटना के लिए उन लोगों की अधिक जिम्मेदारी है।
जिन्होंने हत्याओं की साजिश रची और उन्हें अंजाम दिया, न कि उन लोगों की जो इसे रोकने में विफल रहे। उन्होंने यह टिप्पणी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में की, क्योंकि वह कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के लिए समय पर लक्षद्वीप से दिल्ली नहीं आ सके। थरूर ने कहा कि वह सीडब्ल्यूसी की ओर से जारी ‘‘मजबूत और रचनात्मक’’ बयान का समर्थन कर रहे हैं।
राहुल शुक्रवार को जाएंगे कश्मीर, जानेंगे पहलगाम हमले के घायलों का हाल: सूत्र
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहलगाम आतंकी हमले में घायल हुए लोगों का हाल जानने के लिए शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर जाएंगे। कांग्रेस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी शुक्रवार को अनंतनाग जिले के अस्पताल में घायलों से मिलकर उनका हाल जानेंगे। आतंकवादियों ने मंगलवार की दोपहर को कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गयी। इस आतंकी हमले में मारे गये लोगों में ज्यादातर पर्यटक थे।