वंदे भारत मिशन: अब तक 5.03 लाख से ज्यादा भारतीय वतन लौटे, सिर्फ 2 लाख लोगों को लाने का था लक्ष्य
By भाषा | Published: July 4, 2020 12:05 AM2020-07-04T00:05:57+5:302020-07-04T00:05:57+5:30
विदेश मंत्रालय ने बताया कि वंदे भारत मिशन के तहत अब तक 5.03 लाख से ज्यादा भारतीयों को वापस लाया जा चुका है।
नई दिल्ली।कोरोना वायरस संक्रमण के कारण विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए सात मई से शुरू हुए ‘वंदे भारत’ अभियान के तहत 5.03 लाख से अधिक भारतीय वतन लौटे हैं। इस अभियान के तहत 137 देशों में फंसे हुए भारतीय नागरिकों को लाया गया। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने बताया, ‘‘शुरू में सिर्फ दो लाख फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने का लक्ष्य था लेकिन इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है।’’ अभियान का पहला चरण सात मई से 15 मई तक चला। मिशन के तहत वापसी का दूसरा चरण 17 से 22 मई तक चला। हालांकि सरकार ने इस चरण को 10 जून तक के लिए बढ़ा दिया। तीसरा चरण 11 जून से दो जुलाई तक चला।
विदेशों से सबसे ज्यादा केरल लौटे लोग
एक बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मिशन शुरू होने के बाद से 137 देशों से कुल 5,03,990 भारतीय वतन लौटे हैं। सबसे ज्यादा केरल में 94,085 लोग आए। इसके बाद उत्तरप्रदेश, बिहार, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात और आंध्रप्रदेश में लोग लौटे।
इंटरनेशनल फ्लाइटें 31 जुलाई तक हुईं रद्द
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच एविएशन रेग्युलेटर डीजीसीए ने इंटरनेशनल फ्लाइटों को 31 जुलाई तक कैंसिल कर दिया है। इससे पहले डीजीसीए ने 26 जून को सर्कुलर जारी कर कहा था कि 15 जुलाई तक इंटरनेशनल उड़ानों पर रोक रहेगी। डीजीसीए ने कहा कि कुछ सेलेक्टेड रूट पर उड़ानों की अनुमति दी जा सकती है, लेकिन यह केस-टू-केस डिसाइड किया जाएगा। इसके अलावा वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने का काम जारी रहेगा।