पिछले 10 वर्षों से संप्रग नहीं है, परिदृश्य बदल गया है :तृणमूल कांग्रेस

By भाषा | Published: December 2, 2021 08:57 PM2021-12-02T20:57:30+5:302021-12-02T20:57:30+5:30

No UPA for last 10 years, scenario has changed: Trinamool Congress | पिछले 10 वर्षों से संप्रग नहीं है, परिदृश्य बदल गया है :तृणमूल कांग्रेस

पिछले 10 वर्षों से संप्रग नहीं है, परिदृश्य बदल गया है :तृणमूल कांग्रेस

नयी दिल्ली, दो दिसंबर तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के बयान का बचाव करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले 10 वर्षों से संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) नहीं है।

ममता ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार से बुधवार को मुंबई में मुलाकात की थी और कांग्रेस नेतृत्व पर परोक्ष रूप से तंज कसते हुए केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से एकजुट होकर लड़ने की अपील की थी।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह चाहती हैं कि पवार कांग्रेस नीत संप्रग के अध्यक्ष हों, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा था, ‘‘अब कोई संप्रग नहीं है। ’’

ओ ब्रायन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह पूरी तरह से तथ्यात्मक है। हम यहां उस बात का बचाव करने के लिए नहीं आए हैं। यदि आप संप्रग के इतिहास पर गौर करें तो पाएंगे कि 13 मई 2004 को चुनाव के नतीजे आए थे। शासन के लिए 16 या 17 मई को संप्रग का गठन हुआ था। 22 मई को डॉ मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। चुनाव बाद संप्रग का गठन करने का स्पष्ट उद्देश्य था और यह बेहतर शासन के लिए था। यह 2014 तक चला। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, ना सिर्फ पिछले एक साल में बल्कि पिछले 10 वषों से संप्रग नहीं है। शासन कोई अन्य राजनीतिक दल कर रहा है। कल जो कुछ कहा गया था उसका यही मतलब है। ’’

उन्होंने कहा कि जहां तक देश के राजनीतिक माहौल की बात है, इन वर्षों में परिदृश्य बदल गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के उस वक्त करीब 150 सांसद थे अब 50 हैं। वाम मोर्चा के 62 सांसद थे, लेकिन अब छह हैं।

उन्होंने राज्यसभा से 12 सदस्यों को निलंबित किये जाने और मीडिया पर लगाये गये प्रतिबंधों को लेकर भी सरकार की आलोचना की।

ब्रायन ने कहा, ‘‘भजापा नहीं चाहती है कि संसद चले। सरकार संसद के प्रति उत्तरदायी है और संसद जनता के प्रति उत्तरदायी है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: No UPA for last 10 years, scenario has changed: Trinamool Congress

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे