भारत के डीएनए में हैं भगवान श्री राम और श्री कृष्ण- शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के बयान पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने दिया जवाब, कहा- हो गया है उनका बुद्धि भ्रष्ट
By एस पी सिन्हा | Published: January 13, 2023 08:10 PM2023-01-13T20:10:53+5:302023-01-13T20:24:20+5:30
बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर द्वारा दिए गए बयान पर बोलते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्मभूमि को लेकर जो अपना फैसला दिया क्या उससे यह प्रमाणित नहीं होता है कि भगवान राम और रामायण कितना सत्य है।

फोटो सोर्स: ANI फाइल फोटो
पटना: बिहार के शिक्षा मंत्री प्रो.चंद्रशेखर के द्वारा रामचरितमानस को लेकर दिये गये विवादित बयान के बाद सियासत गरमा गई है। दिल्ली से पटना पहुंचे केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भगवान श्रीराम को लेकर जिसकी जैसी भावना होती है उसे वे उसी रूप में नजर आते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान राम और कृष्ण भारत के डीएनए में हैं। मामले में उन्होंने आगे कहा है कि बिहार के शिक्षा मंत्री की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है, इसलिए वे इस तरह की बात कर रहे हैं।
बुद्धि भ्रष्ट व्यक्ति ही देते है ऐसे बयान- नित्यानंद राय
इस पर बोलते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि जिसकी जैसी भावना होती है उसको श्रीराम वैसे ही दिखते हैं। उनके अनुसार, भगवान राम और कृष्ण भारत के डीएनए में हैं। ऐसे में उनके मुताबिक, बिहार के शिक्षा मंत्री ने जिस तरह का बयान दिया है वह केवल श्रीराम का ही अपमान नहीं है बल्कि देश के करोड़ो करोड़ लोगों की भावना को आहत करने वाला है।
इस तरह का ओछा बयान वही व्यक्ति दे सकता है जिसकी भावनाओं में हीनता हो और जिसकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई हो। शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर का बयान अत्यंत ही निंदनीय है।
शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर को भगवान श्रीराम के तपस्वी जीवन का लेना चाहिए सीख-केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय
मामले में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने आगे कहा कि भगवान श्रीराम के द्वारा निषाद राज को अपना परम मित्र बनाना और माता सबरी के जूठे बेर खाना एक महान आदर्श को दर्शाता है। रामचरितमानस भारत के सम्मान और मर्यादा और समानता का एक बड़ा प्रतीक है। चंद्रशेखर को क्या यह पता नहीं है कि जिस महर्षी बाल्मीकि ने रामायण लिखा उनसे शिक्षा पाकर लव और कुश बड़े पुरुषार्थी बनें।
नित्यानंद राय ने भगवान राम और रामायण के बारे में कही यह बात
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि शिक्षा मंत्री से पूछा है कि क्या उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि भगवान श्रीराम ने भारत में मर्यादा की स्थापना की। इस पर नित्यानंद राय ने आगे कहा कि भगवान श्रीराम ने एक आदर्श की स्थापना की है कि एक शासक को कैसे शासन करना चाहिए। शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर को भगवान श्रीराम के तपस्वी जीवन से सीख लेने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्मभूमि को लेकर जो अपना फैसला दिया क्या उससे यह प्रमाणित नहीं होता है कि भगवान राम और रामायण कितना सत्य है। लंका पर चढ़ाई के लिए जो पुल भगवान श्रीराम ने बनाया था वह आज भी मौजूद है। शिक्षा मंत्री को इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि माता सीता का जन्म बिहार की पावन धरती पर हुआ था और भगवान राम ने बिहार में ही माता अहिल्या का उद्धार किया था।
नित्यानंद राय ने आगे कहा कि रामचरितमानस पर अपशब्द कहकर शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर ने अपनी पार्टी की विचारधारा को बताने का काम किया है। रामचरितमानस के बारे में अपशब्द कहने वाले शिक्षा मंत्री ने अपनी पार्टी आरजेडी की तुष्टिकरण की विचारधारा को उल्लेखित किया है।