एनसीसी ने मॉरीशस प्रतिनिधिमंडल को किया प्रभावित, कैडेट की घुड़सवारी से लेकर नेतृत्व क्षमता के कायल हुआ प्रतिनिधिमंडल
By फहीम ख़ान | Updated: April 25, 2026 16:40 IST2026-04-25T16:40:31+5:302026-04-25T16:40:53+5:30
मॉरीशस सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय की उप सचिव धनिता रामधारी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय और 1 महाराष्ट्र रिमाउंटेड एंड वेटरनरी स्क्वाड्रन का दौरा किया.

एनसीसी ने मॉरीशस प्रतिनिधिमंडल को किया प्रभावित, कैडेट की घुड़सवारी से लेकर नेतृत्व क्षमता के कायल हुआ प्रतिनिधिमंडल
नागपुर: भारत और मॉरीशस के बीच युवा सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए शनिवार को नागपुर में एक अहम पहल हुई. मॉरीशस सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय की उप सचिव धनिता रामधारी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय और 1 महाराष्ट्र रिमाउंटेड एंड वेटरनरी स्क्वाड्रन का दौरा किया.
इस प्रतिनिधिमंडल में सलाहकार धर्मलिंगम मूटियन और पुलिस उप आयुक्त राजकुमार सीबह भी शामिल रहे. एनसीसी ग्रुप कमांडर ग्रुप कैप्टन खुशाल व्यास और कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस.के. मिश्रा ने उनका स्वागत किया. दौरे की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स के शानदार घुड़सवारी प्रदर्शन से हुई, जिसने मेहमानों को खासा प्रभावित किया.
इसके बाद ‘युवा शक्ति भवन’ में एक प्रस्तुति के जरिए एनसीसी की कार्यप्रणाली, अनुशासन, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका को विस्तार से बताया गया. मॉरीशस के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों और यूनिट कमांडरों से बातचीत कर विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली.
रिमाउंटेड एंड वेटरनरी स्क्वाड्रन के निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण व्यवस्था, सुविधाएं और प्रशासनिक ढांचे को करीब से देखा. शो जंपिंग, ड्रेसाज और टेंट पेगिंग जैसी गतिविधियों ने भी उनका ध्यान खींचा. इस दौरे के अंत में मॉरीशस प्रतिनिधिमंडल ने एनसीसी की कार्यशैली और समर्पण की सराहना करते हुए इसे अपने देश के युवा कार्यक्रमों के लिए प्रेरणादायक मॉडल बताया. साथ ही, इस पहल को दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना.