हर दिन प्रत्येक जोन में मास्क नहीं पहनने वाले 1,000 लोगों से जुर्माना वसूलेगी मुंबई पुलिस

By भाषा | Published: March 3, 2021 02:20 PM2021-03-03T14:20:46+5:302021-03-03T14:20:46+5:30

Mumbai Police to recover fines from 1,000 people who do not wear masks in every zone every day | हर दिन प्रत्येक जोन में मास्क नहीं पहनने वाले 1,000 लोगों से जुर्माना वसूलेगी मुंबई पुलिस

हर दिन प्रत्येक जोन में मास्क नहीं पहनने वाले 1,000 लोगों से जुर्माना वसूलेगी मुंबई पुलिस

मुंबई, तीन मार्च मुंबई पुलिस आयुक्त परमवीर सिंह ने मास्क नहीं पहनने वाले लोगों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए पुलिस से प्रत्येक जोन में नियमों का उल्लंघन करने वाले कम से कम 1,000 लोगों से जुर्माना वसूलने को कहा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मुंबई को 12 पुलिस जोन में बांटा गया है और सिटी पुलिस को कोविड-19 नियमों के तहत मास्क नहीं पहनने वालों से 200 रुपये जुर्माना वसूलने का अधिकार दिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि महानगर में कोविड-19 का प्रसार रोकने के लिए सिंह ने पुलिस से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।

अधिकारी के मुताबिक सिंह ने हाल में सभी वरिष्ठ निरीक्षकों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में प्रदर्शन सुधारने और प्रत्येक दिन एक जोन में 1,000 लोगों से जुर्माना वसूलने को कहा है।

मुंबई पुलिस के प्रवक्ता एस चैतन्य ने बताया कि पुलिस कोविड-19 संक्रमण रोकने के लिए नागरिकों के बीच जागरुकता बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक जोन में एक दिन में 1,000 लोगों से जुर्माना वसूलने का लक्ष्य इसलिए तय किया गया है ताकि लोग मास्क पहनने और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने के संबंध में सरकार के निर्देशों का पालन करें।’’

अधिकारी ने कहा कि जुर्माने की 50 प्रतिशत राशि का इस्तेमाल पुलिस कल्याण गतिविधियों में होगा और बाकी रकम बृहन्मुंबई महानगरपालिका को दे दी जाएगी।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पिछले साल मार्च में लॉकडाउन लागू होने के बाद से कोविड-19 नियमों का उल्लंघन करने पर 57,692 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। इनमें से 25,947 लोगों को गिरफ्तार किया गया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि पिछले साल 18 अप्रैल से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वाले 10,490 लोगों को दंडित किया गया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Mumbai Police to recover fines from 1,000 people who do not wear masks in every zone every day

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे