MP: "भाजपा विधायकों ने सदन में मेरी शर्ट फाड़ी...जान का है खतरा", रोते हुए कांग्रेस विधायक ने लगाए गंभीर आरोप

By भाषा | Published: September 16, 2022 07:21 AM2022-09-16T07:21:56+5:302022-09-16T07:29:17+5:30

कांग्रेस विधायक पांचीलाल मेडा ने विधानसभा में बीजेपी पर मारपीट और शर्ट फाड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा है कि उनकी जान को खतरा है, इसलिए वह अपनी सुरक्षा की मांग करते है।

MP BJP MLAs tore my shirt house life is in danger crying Congress MLA Panchilal Meda made serious allegations | MP: "भाजपा विधायकों ने सदन में मेरी शर्ट फाड़ी...जान का है खतरा", रोते हुए कांग्रेस विधायक ने लगाए गंभीर आरोप

फोटो सोर्स: Facebook Page Panchilal Meda

Highlightsमध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक पांचीलाल मेडा ने भाजपा पर आरोप लगाया है। विधायक का आरोप है कि विधानसभा में उनकी शर्ट फाड़ी गई है। उन्होंने अपने जान का भी खतरा जताया है और सुरक्षा की मांग की है।

भोपाल:कांग्रेस के विधायक पांचीलाल मेडा ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने सदन में उनकी शर्ट फाड़ दी। 

वहीं विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि मेडा ने खुद ही सदन में अपनी शर्ट फाड़ी थी। 

विधायक पांचीलाल मेडा ने क्या बयान दिया

विधानसभा सत्र के गुरुवार दोपहर को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद सदन से फटी शर्ट पहने बाहर आए मेडा ने विधानसभा परिसर में संवाददाताओं को बताया, ‘‘भाजपा विधायकों ने मेरी शर्ट फाड़ी है।’’ यही नहीं संवाददाताओं से बातचीत के दौरान आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले मेडा रोने भी लगे। 

पांचीलाल मेडा ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

मामले में बोलते हुए विधायक पांचीलाल मेडा ने आगे कहा, ‘‘मेरी जान को (भाजपा विधायक) उमाकांत शर्मा एवं सरकार से खतरा है। मैं आदिवासी किसानों के लिए लड़ रहा था। इसलिए मेरी आवाज दबाने के लिए मुझे पिटवाया गया। विधानसभा अध्यक्ष एवं राज्य सरकार से अपनी सुरक्षा की मांग करूंगा।’’ मेडा ने आरोप लगाया, ‘‘सदन में मुझे डराया जाता है। पुलिस द्वारा मारा जाता है।’’ 

खुद पर लगे आरोपों से किया इनकार

एक दिन पहले बुधवार को सदन में उनके द्वारा उमाकांत शर्मा का कॉलर पकड़ने के आरोप पर पूछे गये सवाल में मेड़ा ने कहा, ‘‘मैंने उमाकांत शर्मा का कोई कॉलर नहीं पकड़ा था। उन्होंने मेरा कॉलर पकड़ा था और मुझे धक्का दिया था। मैं तो गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को बताने जा रहा था कि मेरे साथ विधानसभा परिसर के द्वार पर क्या हुआ था। उमाकांत मेरे पास आए थे।’’ 

आपको बता दें कि आज प्रश्नकाल के हंगामे की भेंट चढ़ने के बाद जैसी ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, मेडा यह कहते हुए आसंदी के पास आ गए कि विधानसभा के द्वार पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा कल (बुधवार) उनके साथ किए गए दुर्व्यवहार के लिए वह न्याय चाहते हैं। 

भाजपा ने इन आरोपों को किया खारिज

विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सदन को बताया कि मेडा के इन आरोपों की जांच करवाई गई है और मेडा के साथ विधानसभा द्वार पर धक्का-मुक्की एवं कपड़े फाड़े जाने जैसी कोई घटना नहीं हुई। इसके बाद सत्ता एवं विपक्ष के सदस्य दोनों ही आसंदी के पास हंगामा करने लगे। 

पांचीलाल मेडा के आरोपों पर विधानसभा अध्यक्ष ने क्या कहा

सदन में मेडा की शर्ट फाड़ने एवं जान से मारने की धमकी के आरोपों पर पूछे गये सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष गौतम ने कहा, ‘‘मेडा ने शिकायत की थी कि जब वह आ रहे थे तो विधानसभा परिसर के द्वार में पुलिस वालों ने उनका हाथ मरोड़कर उनको गिरा दिया और उसी से उनके कपड़े फट गए।’’ 

इस पर गौतम ने आगे कहा, ‘‘आज विधानसभा के भीतर तो उन्होंने खुद ही अपनी शर्ट फाड़ दी। सबने देखा।’’ 

Web Title: MP BJP MLAs tore my shirt house life is in danger crying Congress MLA Panchilal Meda made serious allegations

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे