फरवरी के पहले हफ्ते में 29 डिग्री पहुंचा दिल्ली का तापमान, 12 साल बाद पहली बार हुआ ऐसा
By शिवेंद्र राय | Published: February 7, 2023 10:14 AM2023-02-07T10:14:15+5:302023-02-07T10:17:05+5:30
राजधानी दिल्ली में सोमवार, 6 फरवरी को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। लगभग 12 साल बाद ऐसा हुआ जब राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान फरवरी के पहले ही सप्ताह में इतना ऊपर पहुंचा हो।

दिल्ली में 6 फरवरी को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया
नई दिल्ली: पिछले कुछ दिनो से राष्ट्रीय राजधानी का तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, 6 फरवरी को दिल्ली का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। लगभग 12 साल बाद ऐसा हुआ जब राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान फरवरी के पहले ही सप्ताह में इतना ऊपर पहुंचा हो। साल 2011 के बाद के आंकड़ो के अनुसार इस साल फरवरी के पहले सप्ताह में दर्ज किया गया 29 डिग्री सेल्सियस तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
राजधानी दिल्ली में सोमवार, 6 फरवरी को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी के पहले हफ्ते में सामान्य तौर पर तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। इस बार तापमान में अचानक हुई बढ़ोत्तरी चौंकाने वाली है। दिल्ली में सुबह-शाम का तापमान अब भी 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है। ऐसे में सुबह और शाम के समय लोगों को गर्म कपड़े पहनने की जरूरत पड़ रही है।
हालांकि आज यानी 7 फरवरी को अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है और ये 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आने वाले तीन चार दिनों में दिल्ली में तेज हवाएं चलने की संभावना भी है। आसमान में बादल भी छाए रहेंगे।
तापमान भड़ने के बीच राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। दिल्ली में 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सोमवार, 6 फरवरी को 265 पर पहुंच गया । आने वाले दिनों में राजधानी में प्रदूषण का और बढ़ने की संभावना है।
दूसरी तरफ अगर पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। बदरी-केदार समेत हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, नंदा घुंघटी, औली, गौरसों व अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी खासी बर्फ गिरी।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बिहार अगले 5 दिनों के दौरान प्रदेश में न्यूनतम पारे में कोई विशेष परिवर्तन के आसार नहीं है। इसका मतलब साफ है कि लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिल सकती है।