केरल में आदिवासी दंपति पर एयर गन से गोली चलाने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
By भाषा | Published: September 28, 2021 05:00 PM2021-09-28T17:00:44+5:302021-09-28T17:00:44+5:30
पलक्कड़ (केरल), 28 सितंबर पलक्कड़ जिले के अट्टापडी में एक आदिवासी दंपति पर एयर गन से गोली चलाने के आरोप में किसान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में दंपति घायल नहीं हुआ क्योंकि निशाना चूक गया। आदिवासी महिला की शिकायत पर घटना के संबंध में गिरफ्तार किए गए ईश्वरन (60) के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी किसान के खिलाफ हथियार कानून की संबंधित धाराओं के तहत भी आरोप लगाए गए हैं। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि ईश्वरन ने अपने खेत में मवेशी चराने का आरोप लगाते हुए उसे और उसके पति को निशाना बनाया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।