Maharashtra cabinet expansion: भाजपा के 9 नेता और एकनाथ शिंदे खेमे के 9 नेताओं ने कैबिनेट मंत्री के रूप में ली शपथ, मंत्रिमंडल में एक भी महिला नहीं
By अनिल शर्मा | Published: August 9, 2022 11:30 AM2022-08-09T11:30:18+5:302022-08-09T12:41:40+5:30
कुल 18 मंत्रियों ने शपथ ली है। इनमें शिंदे गुट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नौ-नौ विधायक हैं। इससे कुल मंत्रियों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है।
मुंबईः महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिन बाद एकनाथ शिंदे आज अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने महाराष्ट्र कैबिनेट विस्तार में 18 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा के 9 नेता और एकनाथ शिंदे खेमे के 9 नेताओं ने मुंबई स्थित राजभवन में महाराष्ट्र कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
शिवसेना विधायक गुलाबराव पाटिल और दादाजी दगडू भुसे ने मुंबई के राजभवन में महाराष्ट्र के मंत्रियों के रूप में शपथ ली। चंद्रकांत पाटिल और विजय कुमार गावित ने भी कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली। मंत्रिमंडल में किसी भी महिला को शामिल नहीं किया गया है। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होना था लेकिन 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ।
महाराष्ट्र: राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने महाराष्ट्र कैबिनेट विस्तार में 18 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। pic.twitter.com/m0f6BKHAX6
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 9, 2022
शिंदे ने अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले मंगलवार की सुबह उनका साथ देने वाले शिवसेना विधायकों से मुलाकात की। यह मुलाकात दक्षिण मुंबई के सह्याद्री अतिथि गृह में हुई। सूत्रों के मुताबिक, कुल 18 मंत्रियों ने शपथ ली है। इनमें शिंदे गुट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नौ-नौ विधायक हैं। इससे कुल मंत्रियों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। महाराष्ट्र में कुल 43 मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।
भाजपा की ओर से मंत्रिमंडल में शामिल सदस्यों में राधाकृष्ण विखे पाटिल, सुधीर मुन्गंतीवार, चंद्रकांत पाटिल, विजयकुमार गावित, गिरीश महाजन, सुरेश खडे, रवींद्र चह्वाण, अतुल सावे और मंगलप्रभात लोढा शामिल हैं।
शिंदे गुट से मंत्री पद की शपथ लेने वाले सदस्यों में गुलाबराव पाटिल, दादा भुसे, संजय राठौड़, संदीप भुमरे, उदय सामंत, तानाजी सावंत, अब्दुल सत्तार, दीपक केसरकर और शंभुराज देसाई शामिल हैं। शिंदे के एक सहायक ने बताया कि किसी राज्य मंत्री ने आज शपथ नहीं ली।
शिंदे ने जून में शिवसेना से बगावत की थी और कई बागी नेताओं के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोग से सरकार बना ली थी। शिवसेना के 55 विधायकों में से 40 ने शिंदे का साथ दिया था। शिंदे ने मुख्यमंत्री पद की और देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।