मध्य प्रदेशः मंत्री विजय शाह के बाद उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सेना पर बयान को लेकर हंगामा
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 16, 2025 16:09 IST2025-05-16T16:08:00+5:302025-05-16T16:09:13+5:30
Madhya Pradesh: भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा, ‘‘जगदीश देवड़ा जी ने बिल्कुल ठीक कहा है। पूरा देश, देश की सेना, सैनिकों के चरणों में नतमस्तक है।

file photo
नई दिल्लीः कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा सेना के संदर्भ में दिए गए ‘‘विवादित बयान’’ की निंदा करते हुए शुक्रवार को कहा कि उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। पार्टी की सोशल मीडिया विभाग की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि यदि देवड़ा को हटाया नहीं जाता है तो यह माना जाएगा कि उनके बयान के पीछे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहमति है। उन्होंने देवड़ा के बयान से संबंधित एक वीडियो का हवाला दिया जिसमें मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री यह कहते सुने जा सकते हैं कि ‘‘भारत की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं।’’ भाजपा का कहना है कि कांग्रेस देवड़ा के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है, जबकि उप मुख्यमंत्री ने कहा है कि देश, देश की सेना, सैनिकों के चरणों में नतमस्तक है।
श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से पहले राज्य सरकार के मंत्री विजय शाह ने जो घिनौनी बात कही है, उसे सुनकर पूरा देश स्तब्ध है। सेना और सैनिक किसी के चरणों में नतमस्तक हैं, ऐसी बात इस देश का कोई व्यक्ति कह ही नहीं सकता।’’ उनका कहना था कि पहलगाम हमले के बाद जिस सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया।
पाकिस्तान की रूह कंपा दी, उस सेना के लिए ऐसा कहना पाप है। लेकिन भाजपा और उनके नेता ये काम बार-बार कर रहे हैं। रमेश ने कहा, ‘‘हमारी सेना के लिए पूरे देश में हर व्यक्ति के मन में सम्मान है और पूरा राष्ट्र कृतज्ञ है, क्योंकि सेना की वजह से ही हम सुरक्षित रह पाते हैं। सेना के लिए जिस व्यक्ति के मन में ऐसी दुर्भावना और गंदे विचार हैं, उसको किसी पद पर रहने का कोई हक नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि इस बार माफी मांगने से काम नहीं चलेगा और भाजपा मूक-दर्शक नहीं बनी रह सकती और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी चुप नहीं रह सकते। सुप्रिया ने कहा, ‘‘अगर अगले कुछ घंटों में भाजपा जगदीश देवड़ा को बर्खास्त नहीं करती है तो ये मान लिया जाएगा कि सेना को अपने चरणों में नतमस्तक करने की बात नरेन्द्र मोदी कह रहे हैं, उनकी मौन-सहमति और संरक्षण है।’’
भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा, ‘‘जगदीश देवड़ा जी ने बिल्कुल ठीक कहा है। पूरा देश, देश की सेना, सैनिकों के चरणों में नतमस्तक है। अब कांग्रेसियों के मन में जो है वही भाव निकलकर आएंगे। ये देश पूरी सेना के लिए अपने आपको कृतज्ञ महसूस करता है और भारतीय जनता पार्टी के नेता इसी बात को दोहरा रहे हैं।’’