बिहार कांग्रेस के नए प्रदेशाध्यक्ष बने मदन मोहन झा, पार्टी ने की कई पदाधिकारियों की नियुक्तियां
By रामदीप मिश्रा | Published: September 18, 2018 01:11 PM2018-09-18T13:11:37+5:302018-09-18T13:11:37+5:30
नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष में अशोक कुमार, कौकब कादरी, समीर कुमार सिंह और श्याम सुंदर (धीरज) का नाम शामिल है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की 23 सदस्यीय कार्य समिति और 19 सदस्यीय सलाहकार समिति का भी गठन किया गया है।
नई दिल्ली, 18 सितंबरः काग्रेस ने मंगलवार को आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए पार्टी की बिहार इकाई में पदाधिकारियों की नियुक्तियां की हैं। उसने मदन मोहन झा को पार्टी की बिहार इकाई का अध्यक्ष बनाया है, जबकि डॉक्टर अखिलेश प्रसाद सिंह को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया है।
पार्टी के संगठन महासचिव अशोक गहलोत की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मदन मोहन झा और सिंह की नियुक्ति की। इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चार कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किये गए हैं।
नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष में अशोक कुमार, कौकब कादरी, समीर कुमार सिंह और श्याम सुंदर (धीरज) का नाम शामिल है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की 23 सदस्यीय कार्य समिति और 19 सदस्यीय सलाहकार समिति का भी गठन किया गया है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने अपनी बिहार इकाई में यह नियुक्तियां आगामी लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव को देखते हुए की हैं ताकि पार्टी को सूबे में मजबूती प्रदान की जा सके। साथ ही साथ कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार किया जा सके।
बता दें, पिछले साल सितंबर में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष रहे अशोक चौधरी को हटा दिया गया था। इसके बाद से यह पद खाली था। उन पर आरोप लगे थे कि वे पार्टी में एकजुटता पैदा करने में नाकाम रहे। अशोक के ऊपर हाई कमान की ओर से गाज गिरी थी। बिहार से लगातार कांग्रेस विधायकों के टूटने की खबरें आ रही थीं, जिसके बाद ये फैसला लिया गया था।