लोकसभा चुनाव 2019: देवास में पूर्व जज के लिए साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने किया कैम्पेन, देनी पड़ी सफाई
By आदित्य द्विवेदी | Published: May 16, 2019 01:58 PM2019-05-16T13:58:03+5:302019-05-16T13:58:03+5:30
मालेगांव ब्लास्ट केस की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने पूर्व जज सोलंकी के लिए चुनाव प्रचार किया। महेंद्र सोलंकी हाल ही में जज के पद से इस्तीफा बीजेपी के टिकट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
देवास संसदीय सीट से बीजेपी प्रत्याशी महेंद्र सोलंकी का समर्थन करने साध्वी प्रज्ञा पहुंची। मालेगांव ब्लास्ट केस की आरोपी साध्वी प्रज्ञा के हाल ही में रिटायर पूर्व जज का प्रचार करने की चर्चा है। गौरतलब है कि साध्वी प्रज्ञा आरएसएस प्रचारक सुनील जोशी की हत्या में भी मुख्य आरोपी थी जिनकी 2007 में देवास में ही हत्या कर दी गई थी।
साध्वी प्रज्ञा पर सफाई देते हुए सोलंकी ने कहा कि 'साध्वी प्रज्ञा दीदी' के कैम्पेन करने में कोई दिक्कत नहीं है। उन्हें दोनों मामलों में क्लीन चिट मिल गई है। अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है और किसी ने उसे चुनौती भी नहीं दी।
सोलंकी ने बताया कि शुरुआत से ही वो आरएसएस और बीजेपी की विचारधारा से प्रभावित थे। उन्होंने कॉलेज में एबीवीपी में शामिल भी हुए। प्रधानमंत्री मोदी के आवाह्न पर उन्होंने सिविल जज के पद से इस्तीफा दे दिया और चुनाव लड़ने का फैसला किया।
मध्यप्रदेश के देवास लोकसभा क्षेत्र में इस बार चुनावी सुर-ताल एकदम बदले हुए हैं, क्योंकि सांसदी के लिए मुख्य भिड़ंत दो ऐसे नए-नवेले चेहरों के बीच है जो पर्चा भरने से पहले, सक्रिय राजनीति से कोसों दूर थे। अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित इस सीट से कांग्रेस ने कबीर वाणी के मशहूर लोक गायक प्रहलाद सिंह टीपान्या (65) को टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने उम्मीदवारी के लिए महेंद्र सिंह सोलंकी (35) पर भरोसा जताया है। सोलंकी सिविल जज के पद से इस्तीफा देकर चुनावी राजनीति में उतरे हैं।
जनता की अदालत में पहुंचे पूर्व जज सोलंकी ने कहा, ''जब मैं न्यायाधीश था, तब उन्हीं लोगों की गुहार सुन सकता था जो इंसाफ के लिए मेरी अदालत में आते थे। लेकिन राजनीति में प्रवेश के बाद जन सेवा का मेरा दायरा काफी बढ़ गया है। अब मैं राजनेता के तौर पर वंचित और पीडि़त लोगों के पास खुद पहुंचकर उनकी समस्याएं हल कर सकता हूं।''
देवास लोकसभा क्षेत्र में 10.97 लाख मतदाता हैं जहां सातवें और आखिरी चरण में 19 मई को मतदान होना है। वर्ष 2014 के पिछले लोकसभा चुनावों में देवास सीट से भाजपा के मनोहर ऊंटवाल सांसद निर्वाचित हुए थे। पिछले साल नवंबर में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान ऊंटवाल आगर सीट से चुनाव लड़ कर पार्टी के विधायक चुने गये थे। इसके बाद बतौर सांसद अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।