Lok Sabha Elections 2024: "लोग नवीन पटनायक की सरकार से परेशान हैं, ओडिशा में बदल रही है सरकार", केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: May 13, 2024 14:06 IST2024-05-13T13:59:01+5:302024-05-13T14:06:39+5:30
भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान ने इस बात पर जोर दिया कि ओडिशा में बदलाव निर्विवाद है क्योंकि लोग नवीन पटनायक की बीजू जनता दल के शासन से बहुत परेशान हैं।

फाइल फोटो
संबलपुर: केंद्रीय मंत्री और संबलपुर से भाजपा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने इस बात पर जोर दिया कि ओडिशा में बदलाव निर्विवाद है क्योंकि लोग नवीन पटनायक की बीजू जनता दल के शासन से बहुत परेशान हैं। आज लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण में ओडिशा में कालाहांडी, कोरापुट, नबरंगपुर और बेरहामपुर सीटों पर मतदान जारी है।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ''आज विधानसभा चुनाव का पहला चरण शुरू हो गया है। लोग उत्साह से भरे हुए हैं। मैं ओडिशा के लोगों से अपील करना चाहता हूं कि वे आएं और बदलाव के लिए अपना वोट डालें। पिछले 24 वर्षों में लोगों ने हम मौजूदा सरकार से उसकी विफलता के कारण तंग आ चुके हैं, हम स्पष्ट रूप से देख सकते हैं कि ओडिशा में सरकार में बदलाव होने जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि चार लोकसभा क्षेत्रों और 28 विधानसभा सीटों से मिली जानकारी से भाजपा बड़े अंतर से आगे चल रही है। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा, "ओडिशा में पीने का साफ पानी नहीं है। सिंचाई के लिए पानी नहीं है। स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं। एक तिहाई लोग नौकरी की तलाश में बाहर पलायन कर रहे हैं। महिलाएं और आदिवासी परेशान हैं। लोगों में गुस्सा देखने के बाद, हम कह सकते हैं कि ओडिशा में बदलाव होगा।"
लोकसभा चुनाव में ओडिशा की 4 सीटों पर आम चुनाव के चौथे चरण में मतदान हो रहा है। राज्य की कुल 147 विधानसभा सीटों में से 28 सीटों पर भी आज मतदान हो रहा है।
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए नौ राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 96 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान जारी है, सुबह 11 बजे तक 24.87 प्रतिशत मतदान हुआ है।
साल 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजू जनता दल (बीजेडी) ने 146 सीटों में से 112 सीटें जीतीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने 23 सीटें और कांग्रेस ने 9 सीटें जीतीं।