लोकसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने झोंकी ताकत, भाजपा के बाद अब महागठबंधन की सीमांचल में होगी बड़ी रैली
By एस पी सिन्हा | Published: February 8, 2023 07:31 PM2023-02-08T19:31:57+5:302023-02-08T19:31:57+5:30
महागठबंधन के घटक दलों की ओर से बुधवार को आयोजित एक साझा प्रेस कांफ्रेंस में ऐलान किया गया कि 25 फरवरी को रंगभूमि मैदान के कार्यक्रम में रैली होगी।

लोकसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने झोंकी ताकत, भाजपा के बाद अब महागठबंधन की सीमांचल में होगी बड़ी रैली
पटना: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी पार्टियों ने जोर शोर से तैयारी शुरू कर दी है। इसी कडी में भाजपा के बाद अब महागठबंधन की बड़ी रैली सीमांचल में होने जा रही है। महागठबंधन की बड़ी रैली पूर्णिया में होगी, जिसमें बिहार के महागठबंधन के घटक दल विपक्षी एकता का प्रदर्शन करेंगे।
महागठबंधन के घटक दलों की ओर से बुधवार को आयोजित एक साझा प्रेस कांफ्रेंस में ऐलान किया गया कि 25 फरवरी को रंगभूमि मैदान के कार्यक्रम में रैली होगी। इसमें गठबंधन के तमाम नेता शामिल होंगे। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई नेता शामिल होंगे।
सीमांचल के पूर्णिया में होने वाली महागठबंधन की इस बड़ी रैली को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी चल रही है। एक तरफ जहां भाजपा के दिग्गजों नेताओं का बिहार आने का सिलसिला जारी है। वहीं अब महागठबंधन भी रैली करने जा रहा है। मोदी सरकार के खिलाफ महागठबंधन का महाजुटान होने जा रहा है।
राजद, जदयू, कांग्रेस सहित महागठबंधन के अन्य घटक दलों ने केंद्र के खिलाफ महागठबंधन का महाजुटान करने का निर्णय किया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ में पूर्णिया के रंगभूमि मैदान से लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर शंखनाद होगा। इसमें जदयू के सभी बड़े नेता शामिल होंगे।
वहीं कांग्रेस नेता डॉ मदन मोहन झा ने कहा कि हम केंद्र की सरकार को उखाड़ फेकने का काम करेंगे। बिहार से सत्ता परिवर्तन होता है। इस बार भी यही होगा। इसका आगाज करने के लिए पूर्णिया के रंगभूमि मैदान से बड़ी शुरुआत होगी। जबकि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भी कहा कि बिहार हमेशा बदलाव को करने वाला प्रदेश रहा है।
इस बार भी विपक्षी एकता की मिसाल देखेगी। यह पूर्णिया से शुरू होगी और पूरे देश में इसका संदेश जाएगा। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 25 फरवरी को बिहार में दो सभाओं को संबोधित करेंगे। शाह की पहली सभा वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन के रूप में होगी।
वहीं पटना में किसान-मजदूर समागम में शाह मुख्य वक्ता होंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरे में अमित शाह कार्यकर्ता में जोश और जीत का बिगुल फूंकेंगे। भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है। अमित शाह लगातार बिहार के दौरे पर आ रहे हैं।