बेगूसराय: अमित शाह ने कन्हैया को बताया नमूना, कहा- 'मोदी के रहते भारत माता के टुकड़े करने का ख्वाब देखने वालों की जगह जेल ही होगी'
By पल्लवी कुमारी | Published: April 24, 2019 08:50 PM2019-04-24T20:50:34+5:302019-04-24T20:50:34+5:30
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, आज भी बिहार के लोग लालू-राबड़ी के जंगलराज को याद कर सहम जाते है। लालू-राबड़ी की सरकार बिहार में भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, गुंडागर्दी और जातिवाद फैलाने वाली सरकार थी।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बिहार की इन दिनों हॉट सीट बनी बेगूसराय में रैली की है। अमित शाह ने यहां विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। अमित शाह ने कहा, बेगूसराय की भूमि, राष्ट्रकवि दिनकर की भूमि है यहाँ राष्ट्रद्रोहियों का कोई स्थान नहीं है। भारत माता को तोड़ने के नारे लगाने वालों को बेगूसराय की जनता उलटे पैर वापस भेजने को तैयार है।
अमित शाह ने कन्हैया का नाम लिए बिना उन्हें नमूना बताया और लोगों से अपील की कि 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' को परास्त कर उल्टे पैर वापस दिल्ली भेजे दीजिए।
अमित शाह ने कहा, कांग्रेस देशद्रोह के कानून को इसलिए खत्म करना चाहती है ताकि 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' का नारा लगाने वाले राष्ट्रद्रोहियों को बचा सके। राहुल और लालू यादव जितना भी जोर लगा लें जब तक केंद्र में मोदी सरकार है, भारत माता के टुकड़े करने का ख्वाब देखने वालों की जगह जेल ही होगी।
कांग्रेस देशद्रोह के कानून को इसलिए ख़त्म करना चाहती है ताकि ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे' का नारा लगाने वाले राष्ट्रद्रोहियों को बचा सके।
— Chowkidar Amit Shah (@AmitShah) April 24, 2019
राहुल और लालू यादव जितना भी जोर लगा लें जब तक केंद्र में मोदी सरकार है, भारत माता के टुकड़े करने का ख़्वाब देखने वालों की जगह जेल ही होगी। pic.twitter.com/DJz9EKa7HH
अमित शाह ने रैली में कहा,'55 साल तक देश में कांग्रेस ने राज किया था, 15 साल तक बिहार में लालू-राबड़ी का जंगलराज था, इन्होंने बिहार के गरीबों के लिए कुछ किया 2014 में मोदी सरकार बनने के बाद देश के 50 करोड़ गरीबों के लिए मोदी जी ढेर सारी योजनाएं लाए जिससे उनके जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है।'
अमित शाह ने भी कहा, आज भी बिहार के लोग लालू-राबड़ी के जंगलराज को याद कर सहम जाते है। लालू-राबड़ी की सरकार बिहार में भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, गुंडागर्दी और जातिवाद फैलाने वाली सरकार थी। बिहार से इस गुंडाराज को समाप्त कर सुशासन देने का काम भाजपा-जदयू की सरकार ने किया है।
अमित शाह ने कहा, 2019 का लोक सभा चुनाव मोदी जी के नेतृत्व में देश की शांति, समृद्धि और सुरक्षा के लिए कटिबद्ध भाजपा और देश को टुकड़े-दुकड़े करने के ख़्वाब पाले बैठे देशद्रोहियों और उसे समर्थन दे रही कांग्रेस एंड कंपनी के बीच चुनाव है।
लोकसभा चुनाव 2019 में गिरिराज सिंह बीजेपी की ओर से बेगूसराय सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। कन्हैया कुमार भाकपा के टिकट पर बेगूसराय सीट से चुनावी मैदान में हैं। कन्हैया कुमार इस बार लोकसभा चुनाव के जरिए राजनीति में अपना डेब्यू कर रहे हैं। राजद के उम्मीदवार तनवीर हसन चुनाव लड़ रहे हैं।