उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश : बाढ़ के हालात को लेकर सपा ने साधा सरकार पर निशाना

By भाषा | Published: August 30, 2021 10:28 PM2021-08-30T22:28:07+5:302021-08-30T22:28:07+5:30

Light to moderate rain in Uttar Pradesh: SP targets government over flood situation | उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश : बाढ़ के हालात को लेकर सपा ने साधा सरकार पर निशाना

उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश : बाढ़ के हालात को लेकर सपा ने साधा सरकार पर निशाना

उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई और गरज के साथ बौछारें पड़ीं। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर बारिश हुई। विभाग के बयान के अनुसार राज्य में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ गरज के साथ छींटे पड़े। खीरी, गोंडा, मैनपुरी, लखनऊ, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, सहारनपुर, कन्नौज, बहराइच, प्रयागराज, गाजीपुर, बलरामपुर, गोंडा और श्रावस्ती में बारिश दर्ज की गई। राज्य में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस लखीमपुर खीरी में और न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस इटावा में दर्ज किया गया। विभाग ने मंगलवार को राज्य में कुछ स्थानों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है और चेतावनी दी है कि छिटपुट स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। इस बीच, प्रदेश के राहत आयुक्त रणवीर प्रसाद ने बताया कि राज्य में बाढ़ संबंधी कोई चिंता की बात नहीं है और सभी तटबंध सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि गंगा नदी बदायूं में, शारदा नदी लखीमपुर खीरी में, घाघरा नदी अयोध्या और बलिया में, राप्ती नदी गोरखपुर तथा सिद्धार्थनगर में, रोहिणी नदी महाराजगंज में, कुआनो नदी गोंडा में तथा गंडक नदी कुशीनगर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। प्रसाद ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल), एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) और पीएसी (प्रादेशिक आर्म्‍ड कांस्टेबुलरी) तैनात की गई है। इस बीच, समाजवादी पार्टी ने बाढ़ के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरने की कोशिश की। पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश में कई नदियों का पानी उफान पर होने से सैकड़ों गांव बाढ़ में डूबे हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लोग घरों में फंसे हैं। मवेशी चारे के अभाव में अधमरे हो रहे हैं। फसल चौपट हुई है। प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित है। राहत कार्य शुरू न होने से हर तरफ तबाही मची हुई है, लेकिन भाजपा सरकार बाढ़ की विभीषिका से बेखबर सरकारी उत्सवों में व्यस्त है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।’’ उन्होंने कहा कि बलरामपुर, महाराजगंज, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर, गोण्डा आदि दर्जनों जनपदों में बाढ़ में फंसे लोग जान बचाने के लिए पलायन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ के खतरे से निदान की जगह भाजपा सरकार लापरवाही बरत रही है और उसे न तो प्रदेश के विकास की चिंता है और न ही जनता की तकलीफों से उसका कोई वास्ता है। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बलरामपुर में तराई क्षेत्र के पहाड़ी नालों में आई बाढ़ से भारी तबाही मची है। उन्होंने कहा, ‘‘दर्जनों गांवों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित है। धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। बलरामपुर के 150 गांव राप्ती नदी के पानी में डूबे हैं। कई गांवों में कटान जारी है। महाराजगंज और बाराबंकी जिलों के अनेक गांवों में भी यही हाल है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ के संकट में फंसे ग्रामीणों की सुध लेने वाला कोई नहीं है और जिलों में अधिकारी अब भी सोए हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को बाढ़ संकट के बजाय अपनी झूठी उपलब्धियां गिनाने के लिए विज्ञापन छपाने से ही फुर्सत नहीं मिल रही है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Light to moderate rain in Uttar Pradesh: SP targets government over flood situation

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे