पूर्वोत्तर के 3 राज्यों में कांग्रेस की करारी हार, सिंधिया ने राहुल गांधी पर ली चुटकी, कहा- कोई और लुक देखना बाकी रह गया है क्या..
By अनिल शर्मा | Published: March 3, 2023 01:43 PM2023-03-03T13:43:22+5:302023-03-03T14:05:26+5:30
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति कितनी बुरी होनावाली है इसके रुझान मिलने शुरू हो गए हैं। सिंधिया ने यहां तक कह दिया कि साल के आखिरी में यहां चुनाव है और ऐसा न हो कि तब तक कांग्रेस पार्टी बचे ही न।
ग्वालियरः ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में कांग्रेस की हार का जिम्मेदार राहुल गांधी को ठहराया है। भाजपा नेता ने कांग्रेस की हार पर राहुल गांधी के नए लुक का जिक्र किया और तंज लहजे में कहा कि 'तीन राज्यों के नतीजों के लिए राहुल गांधी जिम्मेदार हैं, अब उनका कोई और लुक देखना बाकी रह गया है क्या?'
सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस के धीरे-धीरे पूरे देश ही ने नकार दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के नतीजे आए हैं, इससे साफ हो गया है कि भारत जोड़ो यात्रा और राहुल गांधी का कोई असर नहीं हुआ है। भाजपा नेता ने कहा, पूर्वोत्तर ने साल की शुरुआत में ही कांग्रेस की हालत खराब कर दी है।
सिंधिया ग्वालियर में हैं। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति कितनी बुरी होनावाली है इसके रुझान मिलने शुरू हो गए हैं। सिंधिया ने यहां तक कह दिया कि साल के आखिरी में यहां चुनाव है और ऐसा न हो कि तब तक कांग्रेस पार्टी बचे ही न।
गुरुवार को पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के आए नतीजे के मुताबिक, त्रिपुरा में कांग्रेस को 3 सीटें मिलीं। वहीं मेघालय में सिर्फ 5 सीटों से ही पार्टी को संतोष करना पड़ा। वहीं नगालैंड में कांग्रेस एक भी सीट जीत नहीं पाई। तीन राज्यों में कुल मिलाकर कांग्रेस के खाते में सिर्फ 8 सीटें आईं।