जेपी नड्डा का कांग्रेस पर कटाक्ष, बोले- "भाजपा विचारधारा की पार्टी है, कुर्सी के लिए हमने न तो विचार बदला है और न ही रंग"
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: October 2, 2022 02:44 PM2022-10-02T14:44:05+5:302022-10-02T14:48:50+5:30
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल में कहा कि भाजपा के लिए कभी भी गद्दी मायने नहीं रखती है। हम अपने मूल्यों के साथ जुड़े हैं और इसलिए दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर हमारी स्वीकार्यता है।
ऊना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के ऊना में भाजपा के जिला कार्यालय का उद्घाटन करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस पर व्यंग्य करते हुए कहा कि भाजपा सिद्धांतों और विचारों की पार्टी है और उसने सत्ता के लिए कभी कोई समझौता नहीं किया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में नवनिर्मित पार्टी दफ्तर का उद्घाटन करते हुए भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि भाजपा के लिए कभी भी गद्दी मायने नहीं रखती है। हम अपने मूल्यों के साथ जुड़े हैं और इसलिए दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर हमारी स्वीकार्यता है।
जेपी नड्डा ने कहा, "हम लोग सौभाग्यशाली हैं कि हम दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी हैं। भाजपा विचारों से जुड़ी हुई पार्टी है, हमने कुर्सी के लिए विचार नहीं बदले, हमने अन्य पार्टियों की तरह रंग नहीं बदले। बल्कि हम विचार के साथ खड़े रहे हैं।"
हम लोग सौभाग्यशाली हैं कि हम दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी हैं।भाजपा विचारों से जुड़ी हुई पार्टी है, हमने कुर्सी के लिए विचार नहीं बदले, हमने अन्य पार्टियों की तरह रंग नहीं बदले। बल्कि हम विचार के साथ खड़े रहें: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा https://t.co/64ILc7WRlfpic.twitter.com/9hqH1bhywT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 2, 2022
इस दौरान कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। हम राष्ट्र की एकता के साथ-साथ क्षेत्रीय विषमताओं को भी समाहित करते हुए स्थानीय आकांक्षाओं को साथ लेकर चलने में सक्षम हैं क्योंकि हम कोई भी काम भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जुड़कर करते हैं। देश ही नहीं पूरी दुनिया में ऐसी कोई और पार्टी नहीं है। सारी पार्टियां सिकुड़ गई हैं क्योंकि वो अपनी सोच के साथ अटल होकर खड़े न हो सकीं। आज के हालात में कांग्रेस सिर्फ मां और भाई-बहन की पार्टी बनकर रह गई है।
कांग्रेस के खेवनहार राहुल गांधी इस समय दक्षिण में 'भारत जोड़ो यात्रा' कर रहे हैं और उत्तर में पार्टी की जमीन खिसक रही है। राजस्थान में क्या हो रहा है, पूरा देश उसे देख रहा है। कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव गांधी परिवार का प्राइवेट इवेंट हो गया है। जिसे भी अध्यक्ष बनना है, उसे 10 जनपथ में जाकर हाजिरी लगानी पड़ रही है। लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं है क्योंकि यहां दीवार पर पोस्टर चिपकाने वाला, हैंडबिल बांटने वाला भी पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है। हमारे यहां वास्तविक लोकतंत्र है और हम उसका प्रचार नहीं करते हैं और जिनके यहां लोकतंत्र नहीं है, वो उसके गीत गाते फिर रहे हैं।