झारखंड निकाय चुनावः BJP की धमाकेदार जीत, नगर परिषद और नगर पंचायतों के 26 पद जीते

By भाषा | Published: April 21, 2018 04:24 AM2018-04-21T04:24:29+5:302018-04-21T04:24:29+5:30

राजधानी रांची में नगर निगम चुनावों में भाजपा की निवर्तमान मेयर आशा लकड़ा ने 149623 मत प्राप्त कर झारखंड मुक्ति मोर्चा की उम्मीदवार वर्षा गाड़ी को 39616 मतों से पराजित किया।

Jharkhand municipal election 2018 BJP clinches all 5 municipal corporations | झारखंड निकाय चुनावः BJP की धमाकेदार जीत, नगर परिषद और नगर पंचायतों के 26 पद जीते

झारखंड निकाय चुनावः BJP की धमाकेदार जीत, नगर परिषद और नगर पंचायतों के 26 पद जीते

रांची, 21 अप्रैलः झारखंड में पार्टी आधार पर लड़े गये पहले निगम एवं नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने राज्य की राजधानी रांची समेत सभी पांच निगमों में महापौर एवं उपमहापौर की सीटों पर जीत दर्ज की है। झारखंड राज्य चुनाव आयुक्त एन एन पांडेय ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न नगर निकाय चुनावों के लिए मतों की गिनती का काम शाम पूरा हो गया और राज्य के सभी पांच नगर निगमों में महापौर एवं उपमहापौर के पदों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।

उन्होंने बताया कि राजधानी रांची में नगर निगम चुनावों में भाजपा की निवर्तमान मेयर आशा लकड़ा ने 149623 मत प्राप्त कर झारखंड मुक्ति मोर्चा की उम्मीदवार वर्षा गाड़ी को 39616 मतों से पराजित किया। इसी प्रकार उपमहापौर के चुनावों में रांची में भाजपा के निवर्तमान उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय ने कांग्रेस के राजेश गुप्ता को 33120 मतों से पराजित कर एक बार फिर यह पद जीत लिया।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार हजारीबाग नगर निगम के चुनावों में महापौर पद पर भाजपा की रोशनी तिर्की ने कांग्रेस की गुंजा देवी को 7711 मतों के अंतर से पराजित किया। रोशनी को जहां 35417 मत मिले वहीं गुंजा देवी को 27706 मत प्राप्त हुए। उपमहापौर के पद पर भाजपा के राजकुमार लाल ने 29897 मत प्राप्त कर कांग्रेस के आनन्द देव को 6548 मतों से पराजित किया जिन्हें कुल 23349 मत प्राप्त हुए।

गिरिडीह नगर निगम चुनावों में भाजपा के सुनील कुमार पासवान ने 30691 मत प्राप्त कर महापौर पद पर कांग्रेस के समीर राज चौधरी को 10096 मतों से पराजित किया, जबकि उपमहापौर के पद पर भी भाजपा के उम्मीदवार प्रकाश राम ने कांग्रेस के मोहम्मद इश्तियाक को 3446 मतों से पराजित किया।

आदित्यपुर के नगर निगम चुनावों में भी महापौर पद के लिए भाजपा के विनोद श्रीवास्तव ने 18992 मत प्राप्त कर कांग्रेस के योगेन्द्र शर्मा को 7950 मतों से पराजित किया। आदित्यपुर में उपमहापौर पद के लिए भाजपा के अमित सिंह ने 24359 मत प्राप्त कर झामुमो के मनोज महतो को 10663 मतों से पराजित किया।

पांडेय ने बताया कि मेदिनी नगर निगम में महापौर पद पर भाजपा की अरुणा शंकर ने 15944 मत प्राप्त कर निर्दलीय पूनम सिंह को 4543 मतों से पराजित किया। उपमहापौर पद पर भी भाजपा के रतन कुमार सिंह 18387 मत प्राप्त कर विजयी हुए। इस पद पर लड़ाई कांटे की रही क्योंकि रतन यह सीट महज 704 मतों से जीत सके। यहां कांग्रेस के मनोज सिंह को 17683 मत प्राप्त हुए।

नगर निकायों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के कुल 58 पदों के लिए पहली बार पार्टी आधार पर हुए चुनावों में भाजपा ने शुक्रवार को 26 पद जीत लिये। एन एन पांडेय ने बताया कि राज्य के पांच नगर निगमों के अलावा कुल 29 नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए हुए चुनावों में भाजपा ने सर्वाधिक 15 पद अध्यक्ष के और दस पद उपाध्यक्ष के जीत लिये। इसके अलावा पार्टी ने झुमरी तिलैया जिला परिषद अध्यक्ष के लिए हुए उपचुनावों में भी जीत दर्ज की जिसे मिलाकर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर उसके कुल 26 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।

Web Title: Jharkhand municipal election 2018 BJP clinches all 5 municipal corporations

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे