झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया

By भाषा | Published: August 21, 2021 11:46 PM2021-08-21T23:46:52+5:302021-08-21T23:46:52+5:30

Jharkhand governor, chief minister, former chief minister condoled the death of Kalyan Singh | झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया

झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया

झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल रमेश बैस ने अपने ट्वीट में कहा कि कल्याण सिंह के निधन का समाचार सुनकर वह अत्यन्त दुखी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कल्याण सिंह एक कुशल प्रशासक, राजनीतिज्ञ एवं संवेदनशील व्यक्ति थे। उन्होंने जनहित व विकास कार्यों से जनमानस में अपनी अमिट पहचान स्थापित की।’’ उन्होंने कामना की कि ईश्वर उनकी आत्मा को चिरशांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी के निधन की दुखद खबर मिली। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।’’ पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘एक युग का अंत हो गया।’’ रघुवर दास ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘विचारधारा के सामने सभी चीजों को न्योछावर करने वाले भाजपा के कद्दावर नेता, हम कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत, उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय कल्याण सिंह जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।प्रभु राम अपने अनन्य भक्त को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शान्ति।’’ ज्ञात हो कि कल्याण सिंह का शनिवार शाम लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) द्वारा शनिवार रात जारी बयान में कहा गया कि सिंह लंबे समय से बीमार थे और उनके अंगों ने धीरे-धीरे काम करना बंद कर दिया जिससे शनिवार शाम उनका निधन हो गया। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वयोवृद्ध नेता कल्याण सिंह को चार जुलाई को संक्रमण और हल्की बेहोशी के कारण एसजीपीजीआई के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज डॉक्टर राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट में चल रहा था। उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रहे और उत्तर प्रदेश में उनका मुख्यमंत्री का कार्यकाल सुशासन और अयोध्या में रामजन्मभूमि पर बने विवादित बाबरी ढांचे के ध्वस्त किये जाने के लिए जाना जाता है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Jharkhand governor, chief minister, former chief minister condoled the death of Kalyan Singh

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे

टॅग्स :BJP