ISI की हिरासत में भारतीय उच्चायोग के लापता दोनों कर्मचारी: सूत्र
By स्वाति सिंह | Published: June 15, 2020 05:45 PM2020-06-15T17:45:00+5:302020-06-15T18:33:39+5:30
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो अफसरों के लापता होने के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के उप उच्चायुक्त को तलब किया। जिसके बाद सोमवार को पाक उप उच्चायुक्त दिल्ली में विदेश मंत्रालय पहुंचे।
नई दिल्ली:पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग से जुड़े दो लापता कर्मचारी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के कब्जे में है। पाकिस्तान के इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के साथ काम करने वाले दो भारतीय अधिकारी लापता हैं। दोनों अधिकारी सुबह करीब 8 बजे से लापता हैं। इसके बाद विदेश मंत्रालय हरकत में आ गया है।
NDTV ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। वहीं, समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सूत्रों ने बताया है कि पाकिस्तान को दोनों भारतीय अधिकारियों को आधिकारिक कार के साथ तत्काल इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग पहुंचाने को कहा गया है। और यह भी कहा गया कि इस्लामाबाद में भारतीय कर्मियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीधे तौर पर पाकिस्तानी अधिकारियों की है।
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो अफसरों के लापता होने के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के उप उच्चायुक्त को तलब किया। जिसके बाद सोमवार को पाक उप उच्चायुक्त दिल्ली में विदेश मंत्रालय पहुंचे।
ये मामला हाल में उस विवाद के बाद सामने आया है जिसके तहत भारत ने नई दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग में काम करने वाले दो अधिकारियों को जासूसी के आरोप में निष्कासित कर दिया था। इस घटना के बाद पाकिस्तान ने भारत के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताने के लिए वरिष्ठ भारतीय राजनयिक को इस महीने की शुरुआत में तलब किया था।
भारत ने तब पाकिस्तान उच्चायोग के दो अधिकारियों को जासूसी के आरोप में 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया था। बाद में ये बात सामने आई थी कि पाकिस्तान के दो अधिकारियों की मंशा रेलगाड़ियों से सेना की इकाइयों की आवाजाही का विस्तृत ब्यौरा हासिल करने की थी।