पिछले 8 साल में 4005 भारतीयों ने विदेशों में की खुदकुशी, यूएई और सऊदी अरब में आत्महत्या के आंकड़े सबसे ज्यादा
By विनीत कुमार | Published: April 22, 2022 11:53 AM2022-04-22T11:53:17+5:302022-04-22T14:21:05+5:30
नई दिल्ली: भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार साल 2014 से अब तक विदेशों में 4005 भारतीयों ने आत्महत्या की है। मंत्रालय के अनुसार इनमें से ज्यादातर घटनाएं व्यक्तिगत या पारिवारिक कारणों से हुई। संसद में एक सवाल के जवाब में इसी महीने की शुरुआत में विदेश मंत्रालय की ओर से विदेशों में भारतीयों द्वारा आत्महत्या किए जाने संबंधी आंकड़ा रखा गया। विदेशों में भारतीयों की आत्महत्या से संबंधित सवाल बहुजन समाज पार्टी के कुंवर दानिश अली ने पूछा था।
संयुक्त अरब अमीरात में सबसे ज्यादा आत्महत्या
विदेश मंत्रालय के अनुसार सबसे ज्यादा 1121 भारतीयों ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आत्महत्या की। वहीं सऊदी अरब दूसरे नंबर पर है जहां 1024 आत्महत्याएं भारतीयों द्वारा की गई। विदेश मंत्रालय की ओर से 64 देशों की सूची भी दी गई है जिनमें भारतीयों द्वारा आत्महत्या के आंकड़े हैं।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार बहरीन में 180, कना़डा में 30, इटली में 65 और कुवैत में 425 आत्महत्याओं की जानकारी है। इसके अलावा मलेशिया में भी 254 भारतीयों ने पिछले 8 साल में आत्महत्या की है। ओमान में 351, कतर में 165 और सिंगापुर में भी 159 भारतीयों ने 2014 से लेकर अब तक आत्महत्या की है। अमेरिका से 19 ऐसे मामले हैं।
लगातार दबाव में काम भी है आत्महत्या की वजह!
सरकार के अनुसार विदेश मे ज्यादातर भारतीयों की आत्महत्या के मामले व्यक्तिगत या पारिवारिक कारणों से जुड़े हैं। हालांकि दूसरी ओर कई विशेषज्ञ खाड़ी देशों सहित कुछ और जगहों पर लगातार दबाव में काम करने को भी ऐसी घटना की वजह मान रहे हैं। हालांकि विदेश मंत्रालय ने बताया है कि वह विदेश में भारतीय कामगारों की कुशलता को लेकर सजग है और कोई शिकायत मिलने पर तत्काल उसका निपटारा भी किया जाता है।