दोपहर दो बजे तक के मुख्य समाचार

By भाषा | Published: October 30, 2021 02:14 PM2021-10-30T14:14:06+5:302021-10-30T14:14:06+5:30

Headlines till 2 pm | दोपहर दो बजे तक के मुख्य समाचार

दोपहर दो बजे तक के मुख्य समाचार

नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर शनिवार को भाषा की विभिन्न फाइलों से दोपहर दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :-

वि6 मोदी वैटिकन पोप

प्रधानमंत्री मोदी ने वैटिकन में पोप फ्रांसिस से मुलाकात की

वैटिकन सिटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार वैटिकन पहुंचकर पोप फ्रांसिस से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कोविड, सामान्य वैश्विक परिदृश्य और शांति एवं स्थिरता बरकरार रखने समेत विभिन्न मुद्दों पर बात की।

वि3 मोदी इटली प्रवासी

इटली में प्रवासी भारतीयों से ‘शानदार संवाद’ हुआ: प्रधानमंत्री मोदी

रोम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि इटली में प्रवासी भारतीयों और भारत वंशी लोगों से उनकी ‘‘शानदार बातचीत’’ हुई। इनमें भारत के बारे में अध्ययन करने वाले लोगों के अलावा वे भी शामिल थे जिनका बीते वर्षों में अपने मूल देश से करीबी संबंध बन चुका है।

प्रादे41 महाराष्ट्र आर्यन तीसरीलीड रिहा

मुंबई की जेल में 22 दिन रहने के बाद रिहा हुए आर्यन खान

मुंबई : क्रूज जहाज पर मादक पदार्थ को लेकर छापेमारी में गिरफ्तार आर्यन खान 22 दिन के बाद शनिवार को मुंबई की आर्थर रोड जेल से रिहा होकर बांद्रा स्थित अपने घर ‘मन्नत’ पहुंचे।

प्रादे36 गोवा ममता

राजनीति को लेकर कांग्रेस के गंभीर न होने के कारण मोदी और शक्तिशाली बनेंगे : ममता

पणजी : तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शक्तिशाली बनेंगे क्योंकि कांग्रेस पार्टी राजनीति को लेकर गंभीर नहीं है और उन्होंने देश की सबसे पुरानी पार्टी पर फैसले न लेने का भी आरोप लगाया।

दि11 दिल्ली अस्पताल बिस्तर

डेंगू रोगियों के इलाज के लिये कोविड आरक्षित बिस्तरों का इस्तेमाल कर सकते हैं अस्पताल: दिल्ली सरकार

नयी दिल्ली : दिल्ली सरकार ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर अस्पताल कोरोना वायरस मरीजों के लिये आरक्षित एक तिहाई बिस्तरों का इस्तेमाल ‘वेक्टर’ जनित बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज के लिये कर सकते हैं।

दि7 प्रियंका उप्र बिजली

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बिजली बिल के जरिए होने वाली ‘लूट’ खत्म करेंगे : प्रियंका

नयी दिल्ली : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित उत्तर प्रदेश में लोग बिजली बिलों के जरिए होने वाली ‘लूट’ का सामना कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सत्ता में आने पर उनकी पार्टी इस लूट को समाप्त कर देगी।

अर्थ2 वित्त मंत्रालय सेबी प्रमुख

सरकार ने त्यागी के उत्तराधिकारी की तलाश शुरू की, सेबी प्रमुख पद के लिए आवेदन मांगे

नयी दिल्ली : वित्त मंत्रालय ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन पद के लिए आवेदन मांगे हैं। सेबी के मौजूदा प्रमुख अजय त्यागी का पांच साल का कार्यकाल अगले साल फरवरी में पूरा हो रहा है।

प्रादे20 हिमाचल बाली लीड निधन

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री गुरुमुख सिंह बाली का निधन

शिमला : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री गुरुमुख सिंह बाली का शुक्रवार की रात नयी दिल्ली में निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे।

दि5 वायरस लीड मामले

कोविड-19 : देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,61,555 हुई

नयी दिल्ली : देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 14,313 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,42,60,470 हो गई जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,61,555 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार को अद्यतन आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

वि1 सऊदी लेबनान राजदूत

सऊदी अरब, बहरीन ने लेबनान के राजदूतों को निष्कासित किया

बेरूत : सऊदी अरब ने लेबनान के एक मंत्री की टिप्पणियों के जवाब में उसके राजदूत को देश छोड़ने का आदेश दिया है और लेबनान से आयात पर रोक लगा दी है। लेबनान के मंत्री ने यमन में युद्ध को सऊदी ‘‘आक्रामकता’’ बताया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Headlines till 2 pm

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे