हरियाणा चुनाव: पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा का बयान, 'मुकाबला सिर्फ कांग्रेस और बीजेपी के बीच, लोकदल, जेजेपी रेस में नहीं'
By अभिषेक पाण्डेय | Published: October 21, 2019 10:34 AM2019-10-21T10:34:54+5:302019-10-21T10:34:54+5:30
Bhupinder Singh Hooda: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में मुकाबला सिर्फ कांग्रेस और बीजेपी के बीच है
हरियाण विधानसभा चुनावों की 90 सीटों के लिए सोमवार को मतदान हो रहा है। इस बीच हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि इन चुनावों में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) मुकाबले में कहीं नहीं हैं।
हुड्डा ने कहा, 'जेजेपी और लोकदल हरियाणा चुनावों में मुकाबले में नहीं हैं। मुकाबला केवल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच है।'
कांग्रेस नेता ने साथ ही अपनी पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए कहा, 'हम इन चुनावों में जीत हासिल करेंगे क्योंकि बीजेपी ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं।'
हरियाणा विधानसभा चुनावों की 90 सीटों के लिए सोमवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इन चुनावों के नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
कांग्रेस के लिए इन चुनावों में जीत हासिल करना बेहद चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि पार्टी अंदरूनी लड़ाई से जूझ रही है। चुनावों से पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने सीटों के बंटवारों पर नाराजगी जताते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। 2019 लोकसभा चुनावों में कांग्रेस राज्य की 10 में से एक भी सीट नहीं जीत पाई थी और बीजेपी ने इन सभी पर कब्जा जमाया था।
हरियाणा में 90 सीटों पर हो रहे चुनाव
हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए हो रहे चुनावों में 1169 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यहां मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्षी दलों कांग्रेस, आईएनएलडी और जेजेपी के बीच है।
हरियाणा में 1.83 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 85 लाख महिला उम्मीदवार शामिल हैं, जो 19578 बूथों पर अपना मतदान करेंगे।
2014 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में यहां 76.54 फीसदी मतदान हुआ। उन चुनावों में बीजेपी ने 47 जबकि कांग्रेस ने 15 और लोकदल ने 17 सीटों पर जीत हासिल की थी।