कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवानी को देर रात असम पुलिस ने गुजरात पहुंचकर किया गिरफ्तार, गुवाहाटी ले जाने की तैयारी
By विनीत कुमार | Published: April 21, 2022 07:20 AM2022-04-21T07:20:52+5:302022-04-21T11:04:42+5:30
जिग्नेश मेवानी को असम पुलिस ने बुधवार देर रात पालनपुर के सर्किट हाउस से गिरफ्तार किया। मेवानी की टीम के अनुसार उन्हें एफआईआर की कॉपी भी नहीं दिखाई गई।
अहमदाबाद: गुजरात के वडगाम से विधायक और कांग्रेस के दलित नेता जिग्नेश मेवानी कोअसम की पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। असम पुलिस ने गुजरात पहुंचकर जिग्नेश मेवानी को पालनपुर से गिरफ्तार किया। मेवानी की टीम से जुड़े एक कार्यकर्ता ने इसकी जानकारी दी। सामने आई जानकारी के अनुसार जिग्नेश मेवानी बुधवार को पालनपुर में सर्किट हाउस में रूके हुए थे जहां से असम पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
असम पुलिस बुधवार देर रात करीब 11.30 बजे पालनपुर सर्किट हाउस पहुंची थी। मेवानी की टीम के अनुसार उन्हें क्यों गिरफ्तार किया गया है, इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। मेवानी की टीम ने बताया कि पुलिस ने उनके साथ एफआईआर कॉपी साझा नहीं की है। शुरुआती तौर पर केवल यह बताया गया है असम में मेवानी के खिलाफ दर्ज किसी केस के मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
Gujarat | Congress Vadgam MLA Jignesh Mevani arrested by Assam Police from Palanpur Circuit House around 11:30 pm last night, as per Mevani's team. "Police yet to share FIR copy with us. Prima facie, we have been informed about some cases filed against him in Assam," they added pic.twitter.com/lYkKzCwOpu
— ANI (@ANI) April 20, 2022
जिग्नेश मेवानी को अहमदाबाद ले गई पुलिस
पालनपुर में गिरफ्तारी के बाद मेवानी को पुलिस सड़क मार्ग से अहमदाबाद ले गई है। अहमदाबाद से मेवानी को ट्रेन से असम के गुवाहाटी ले जाया जा सकता है। बहरहाल माना जा रहा है कि जिग्नेश मेवानी की गिरफ्तारी से गुजरात में सियासत गर्मा सकती है। इस साल के आखिर में गुजरात में विधानसभा चुनाव भी है और बतौर कांग्रेस के बड़े दलित चेहरे जिग्नेश की ऐसे समय में गिरफ्तारी से सरगर्मी बढ़ेगी।