दिलीप कुमार सांस लेने में दिक्कत के चलते अस्पताल में भर्ती

By भाषा | Published: June 6, 2021 12:42 PM2021-06-06T12:42:30+5:302021-06-06T12:42:30+5:30

Dilip Kumar hospitalized due to difficulty in breathing | दिलीप कुमार सांस लेने में दिक्कत के चलते अस्पताल में भर्ती

दिलीप कुमार सांस लेने में दिक्कत के चलते अस्पताल में भर्ती

मुंबई, छह जून दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार को सांस लेने में दिक्कत के चलते रविवार सुबह यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उनकी पत्नी एवं मशहूर अभिनेत्री सायरा बानो ने बताया कि कुमार (98) को सुबह करीब साढ़े आठ बजे उपनगर खार स्थित हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बानो ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘आज सुबह उनकी (कुमार) तबीयत खराब हो गयी और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। वह अभी खार स्थित गैर कोविड हिंदुजा अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी जांच चल रही है।’’

कुमार के आधिकारिक टि्वटर हैंडल पर दी गई ताजा जानकारी के अनुसार, अभिनेता को नियमित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्वीट में कहा गया, ‘‘दिलीप साहब को नियमित जांच के लिए खार स्थित गैर कोविड पीडी हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत की थी। डॉ. नितिन गोखले की अगुवाई में स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों का एक दल उनका इलाज कर रहा है। कृपया साहब के लिए दुआएं कीजिए और सुरक्षित रहिए।’’

अभिनेता को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए पिछले महीने भी इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

कुमार ने 1944 में ‘‘ज्वार भाटा’’ फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी और वह पांच दशकों के अपने करियर में ‘‘कोहिनूर’’, ‘‘मुगल-ए-आजम’’, ‘‘देवदास’’, ‘‘नया दौर’’, ‘‘राम और श्याम’’ समेत कई हिट फिल्मों में नजर आए।

फिल्मी पर्दे पर उन्हें पिछली बार 1998 में ‘‘किला’’ फिल्म में देखा गया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Dilip Kumar hospitalized due to difficulty in breathing

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे