वीडियो: कांग्रेस समर्थक को पकड़कर ले जा रही थी पुलिस, तभी पहुंच गईं प्रियंका गांधी, अपनी गाड़ी में बैठाया
By विनीत कुमार | Published: June 20, 2022 02:09 PM2022-06-20T14:09:58+5:302022-06-20T14:14:58+5:30
प्रियंका गांधी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे एक कांग्रेस समर्थक को पुलिस से छुड़ाकर अपनी गाड़ी में बैठाती नजर आ रही हैं। वीडियो सोमवार सुबह का है जब प्रियंका गांधी जंतर-मंतर जा रही थीं।
नई दिल्ली: भारत बंद और राहुल गांधी की ईडी के सामने पेशी के बीच कांग्रेस का प्रदर्शन सोमवार को जारी है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस का 'सत्याग्रह' चल रहा है। इस बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें प्रियंका गांधी पुलिस की गिरफ्त में आए एक कांग्रेस समर्थक को अपनी गाड़ी में बैठाती नजर आती हैं।
प्रियंका ने रोकी गाड़ी और समर्थक को छुड़ाया
यह वीडियो उस समय का है जब प्रियंका सोमवार सुबह जंतर-मंतर की ओर जा रही थीं। वीडियो में दिखता है कि इस दौरान एक समर्थक का हाथ पकड़कर पुलिस ले जा रही है। हालांकि कुछ देर बाद पुलिसकर्मी को कांग्रेस कार्यकर्ता को प्रियंका गांधी की गाड़ी की ओर ले जाता है। प्रिंयका ने पुलिसकर्मी से इसके बाद कुछ बात की और फिर कार्यकर्ता छूट जाता है। इसके बाद कांग्रेस समर्थक अपना हाथ छुटाकर प्रियंका की गाड़ी की तरफ बढ़ जाता है।
#WATCH | Delhi: Congress leader Priyanka Gandhi Vadra takes Rahul Gandhi's supporter in her car as she headed towards Jantar Mantar where her party is protesting over ED probe against Rahul in the National Herald case pic.twitter.com/K1lZS5Rift
— ANI (@ANI) June 20, 2022
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी इस समय नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी के खिलाफ हो रही ईडी की जांच का भी जोरदार विरोध कर रही है। नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी से आज भी पूछताछ हो रही है। ईडी राहुल गांधी से चौथी बार सवाल-जवाब कर रही है। इससे पहले ईडी ने राहुल गांधी से 15 से 17 जून तक पूछताछ की थी।
राष्ट्रपति से मिलेंगे कांग्रेस के नेता
कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी शाम 5 बजे मुलाकात करेगा। इसमें राहुल गांधी पर कथित तौर पर अनुचित दबाव बनाने और अग्निपथ स्कीम पर मचे विवाद के विषय पर पार्टी राष्ट्रपति कोविंद के सामने अपनी बात रखेगी। इस बीच ‘अग्निपथ’ योजना और राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में नारेबाजी एवं प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सोमवार को भी हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस नेता अजय माकन ने दावा किया कि पूर्व मुख्य रक्षा प्रमुख दिवंगत विपिन रावत ने हेलीकॉप्टर हादसे में अपनी मृत्यु से कुछ महीने पहले यह प्रस्ताव दिया था कि सैनिकों के सेवानिवृत्त होने की आयु 58 वर्ष की जाए, जो फिलहाल 17 साल की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो जाते हैं। माकन ने आरोप लगाया कि यह योजना जनरल बिपिन रावत की सोच के विरुद्ध है और उनके अपमान की दास्तान है।