बकरीद पर सीएम योगी का आदेश- खुले में बलि नहीं, पुलिस और अधिकारियों को दिए ये सख्त निर्देश
By पल्लवी कुमारी | Published: August 21, 2018 12:10 AM2018-08-21T00:10:34+5:302018-08-21T00:10:34+5:30
नोएडा में भी जिला प्रशासन ने बकरीद पर पशुओं की कुर्बानी केवल निर्धारित स्थलों पर दिए जाने का निर्देश दिया है।
लखनऊ, 21 अगस्त: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद को लेकर राज्य भर के अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। सीएम योगी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कहीं पर भी जानवरों का सार्वजनिक जगहों और खुले में बलि ना दिया जाए।
सीएम योगी ने यह भी सुनिश्चत करने को कहा है कि कहीं खुले में मांस के टुकड़े नहीं दिखने चाहिए और ना ही किसी नाली में खून बहा दिखना चाहिए। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इसके पीछे सांप्रदायकि सौहार्द को बनाए रखने का मकसद बताया जा रहा है।
इधर गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने आज कहा कि बकरीद पर पशुओं की कुर्बानी केवल निर्धारित स्थलों पर ही दी जाए। बुधवार को बकरीद से पहले जिला मजिस्ट्रेट ब्रजेश नारायण सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा के साथ सुरक्षा इंतजामों पर समीक्षा बैठक की।
सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में प्रशासन और पुलिस विभागों के अधिकारियों से कहा, ‘‘मुस्लिम बहुल इलाकों में विशेष ध्यान दिया जाए। पहले से क्षेत्रों का दौरा किया जाए ताकि नमाज स्थलों पर बिना रूकावट बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो।’’
आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि पशुओं की कुर्बानी केवल निर्धारित स्थलों पर दी जाए और अगर कोई सार्वजनिक स्थलों पर यह करता हूआ पाया जाए तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कुर्बानी वाले पशुओं के कंकाल तालाबों, नदियों, नालों या खुले इलाके में नहीं फेंके जाएं।
(भाषा इनपुट)