मुख्यमंत्री फड़नवीस ने साधा राज ठाकरे पर निशाना, कहा- उत्तर भारतीयों को धमकाने वालों को उनकी जगह दिखा दी
By लोकमत समाचार ब्यूरो | Published: January 25, 2019 08:37 AM2019-01-25T08:37:28+5:302019-01-25T09:48:42+5:30
महाराष्ट्र में कई वर्षों से 'उत्तर प्रदेश दिवस' मनाया जाता है. लेकिन पहली बार मुंबई में आयोजित इस समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हिस्सा लिया.
मुंबई, 24 जनवरीः मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने अप्रत्यक्ष रूप से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'मुंबई में रह रहे उत्तर भारतीयों को कुछ साल पहले धमकाने का कुछ लोग प्रयास कर रहे थे, लेकिन जब से हमने सत्ता संभाली है तब से इन चार वर्षों में किसी की भी उत्तर भारतीयों को धमकाने की हिम्मत नहीं हुई है। इसका कारण है कि जो उत्तर भारतीयों को धमका रहे थे, हमने उन्हें उनकी जगह दिखा दी है।'
मुंबई में गुरुवार को उत्तर भारतीयों के लोक महोत्सव में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस शामिल हुए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक भी उपस्थित थे। समारोह में मुख्यमंत्री फड़णवीस ने उत्तर भारतीयों की भूरि-भूरि प्रशंसा की. गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कई वर्षों से 'उत्तर प्रदेश दिवस' मनाया जाता है। लेकिन पहली बार मुंबई में आयोजित इस समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हिस्सा लिया।
समारोह में मुख्यमंत्री फड़नवीस ने कहा कि पूरे देश में मराठी आदमी के समान ही उत्तर भारतीय भी नजर आएंगे। कुछ साल पहले कुछ लोगों ने उत्तर भारतीयों को धमकाने का प्रयास किया था, लेकिन पिछले चार वर्षों में किसी की हिम्मत नहीं हुई कि उत्तर भारतीयों को धमका सके। आज उत्तर भारतीय मुंबई में हैं। महाराष्ट्र के विकास में उत्तर भारतीयों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। अब यह उत्तर भारतीय केवल उत्तर प्रदेश के ही नहीं रहे, बल्कि मुंबईकर और महाराष्ट्रवासी भी हो गए हैं।