छत्तीसगढ़ में फल विक्रेता ने घर में फहराया पाकिस्तानी झंडा, शिकायत के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार, भाजपा ने कांग्रेस को घेरा
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: October 27, 2022 11:48 AM2022-10-27T11:48:48+5:302022-10-27T11:54:49+5:30
पुलिस ने बताया कि जिले के सरिया थाना क्षेत्र में पाकिस्तानी झंडा फहराने के आरोप में फल विक्रेता मुश्ताक खान (52) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रायगढ़ः छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस ने एक फल विक्रेता को पाकिस्तानी झंडा फहराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सरिया थाना क्षेत्र में पाकिस्तानी झंडा फहराने के आरोप में फल विक्रेता मुश्ताक खान (52) को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मामले पर भाजपा ने जांच की मांग करते हुए बुधवार शाम को सरिया थाने का घेराव किया।
अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस को मंगलवार शाम शिकायत मिली थी कि खान ने अटल चौक स्थित अपने घर में पाकिस्तानी झंडा फहराया हुआ है। उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद खान के घर पहुंची पुलिस ने झंडा को उतारकर जब्त कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार, खान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा-153(क) के तहत सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का मामला दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच, घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सरिया थाने के बाहर प्रदर्शन किया और खान के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की।
वहीं भाजपा ने ट्विटर पर कांग्रेस सरकार को घेरते हुए सवाल उठाया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इधर हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, उधर आप छत्तीसगढ़ में पाकिस्तानी झंडा फहरवा रहे हैं। भाजपा ने कहा कि उधर आपके राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं, इधर टुकड़े-टुकड़े गैंग समर्थित छत्तीसगढ़ में आपके शासन में पनप रहे हैं। आखिर किस दिशा में गढ़ रहे हैं आप छत्तीसगढ़ को?