ममता का आरोप केंद्र ने फ्रीज किए मदर टेरसा मिशनरीज चैरिटी के बैंक खाते, संस्था ने इस दावे से कहा उलट
By रुस्तम राणा | Published: December 27, 2021 05:22 PM2021-12-27T17:22:40+5:302021-12-27T17:33:40+5:30
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘क्रिसमस पर यह बात सुनकर स्तब्ध हूं कि केंद्र सरकार ने भारत में मदर टेरेसा के मिशनरीज ऑफ चैरिटी के सभी बैंक खातों में लेनदेन रोक दिया है। उनके 22,000 रोगियों और कर्मचारियों को भोजन और दवाएं नहीं मिल पा रहीं।’’
कोलकाता: केंद्र सरकार ने मदर टेरेसा द्वारा स्थापित मिशनरीज ऑफ चैरिटी के सारे बैंक खातों में लेनदेन पर रोक लगा दी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को यह दावा किया है। बनर्जी ने यह दावा भी किया कि इस कदम से मिशनरीज ऑफ चैरिटी के 22,000 रोगियों और कर्मचारियों को भोजन और दवाएं नहीं मिल पा रहीं।
ममता ने ट्वीट कर किया ये दावा
सोमवार को ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘क्रिसमस पर यह बात सुनकर स्तब्ध हूं कि केंद्र सरकार ने भारत में मदर टेरेसा के मिशनरीज ऑफ चैरिटी के सभी बैंक खातों में लेनदेन रोक दिया है। उनके 22,000 रोगियों और कर्मचारियों को भोजन और दवाएं नहीं मिल पा रहीं।’’बनर्जी ने कहा, ‘‘कानून सर्वोपरि है, लेकिन मानवीयता के नाते किये जाने वाले प्रयासों से समझौता नहीं होना चाहिए।
Shocked to hear that on Christmas, Union Ministry FROZE ALL BANK ACCOUNTS of Mother Teresa’s Missionaries of Charity in India!
— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) December 27, 2021
Their 22,000 patients & employees have been left without food & medicines.
While the law is paramount, humanitarian efforts must not be compromised.
चैरिटी संस्था ने किया ममता के दावे को खारिज
वहीं बंगाल की सीएम के इस दावे को खारिज किया है। मिशनरीज ऑफ चैरिटी ने कहा है कि उनके खाते ठीक से काम कर रहे हैं। सबकुछ ठीक है। यानि संस्था को किसी अपने खाते से धन की लेनदेन में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं है। साथ ही अभी तक गृह मंत्रालय की ओर से ममता के आरोप पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
संस्था ने कहा - बैंक लेनदेन ठीक काम कर रहा है
मिशनरीज ऑफ चैरिटी की प्रवक्ता सुनीता कुमार ने कहा, "हमें इस बारे में कुछ नहीं बताया गया है। मुझे इसकी बिल्कुल भी जानकारी नहीं है। भारत सरकार ने हमें कुछ नहीं बताया है। बैंक लेनदेन ठीक काम कर रहा है। सब कुछ ठीक है।