लोकसभा की 3 और विधानसभा की 7 सीटों पर आज हो रहा है उपचुनाव, जानिए इस बारे में 5 बड़ी बातें

By विनीत कुमार | Published: June 23, 2022 10:02 AM2022-06-23T10:02:55+5:302022-06-23T10:08:50+5:30

तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हो रहे हैं। इसमें यूपी के रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव को लेकर सभी की नजरें हैं। साथ ही पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के नतीजे भी देखना दिलचस्प होगा।

Bypolls for 3 Lok Sabha and 7 Assembly seats continues today, here are 5 important updates | लोकसभा की 3 और विधानसभा की 7 सीटों पर आज हो रहा है उपचुनाव, जानिए इस बारे में 5 बड़ी बातें

लोकसभा की 3 और विधानसभा की 7 सीटों पर आज हो रहा है उपचुनाव (फाइल फोटो)

Highlightsछह राज्यों की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव उत्तर प्रदेश और पंजाब में लोकसभा सीटों के लिए उपचुनाव, आंध्र प्रदेश सहि त्रिपुरा, दिल्ली और झारखंड में विधानसभा सीटों के लिए मतदान।

नई दिल्ली: छह राज्यों की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हो रहे हैं। इन चुनाव के नतीजे रविवार (26 जून) को घोषित किए जाएंगे। जिन राज्यों में चुनाव है, उसमें उत्तर प्रदेश, पंजाब, आंध्र प्रदेश, त्रिपुरा, दिल्ली, झारखंड शामिल हैं। इन सभी जगहों पर गुरुवार सुबह निर्धारित समय से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। जानिए, इन उपचुनाव के बारे में 5 बड़ी बातें-

1. उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और रामपुर में दिलचस्प लड़ाई: उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ और रामपुर संसदीय सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) का गढ़ समझी जाने वाली आजमगढ़ और रामपुर संसदीय सीटों से चुनाव लड़ रहे 19 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला 35 लाख से अधिक मतदाता करेंगे। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा आजमगढ़ सीट से त्यागपत्र देने और रामपुर सीट से वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के त्यागपत्र देने से इन दोनों सीटों पर चुनाव आवश्यक हो गया था। 

2. आजमगढ़ और रामपुर का समीकरण: आजमगढ़ से 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जहां 18.38 लाख मतदाता हैं। वहीं छह उम्मीदवार रामपुर से चुनाव लड़ रहे हैं जहां 17.06 लाख मतदाता हैं। रामपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने घनश्याम सिंह लोधी को मैदान में उतारा है जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं, जबकि सपा ने असीम रजा को मैदान में उतारा है। मायावती की अगुवाई वाली बसपा रामपुर से चुनाव नहीं लड़ रही है। आजमगढ़ से त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है जहां से भाजपा ने लोकप्रिय भोजपुरी गायक और अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को मैदान में उतारा है। वहीं सपा से धर्मेंद्र यादव और बसपा से शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली मैदान में हैं।

3.पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव:  संगरूर लोकसभा क्षेत्र में 15,69,240 मतदाता हैं। कुल 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें तीन महिलाएं हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 2014 और 2019 में संगरूर लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। हाल में धूरी सीट से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। आप ने पार्टी के संगरूर जिला प्रभारी गुरमेल सिंह, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने धूरी के पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी, भाजपा ने बरनाला के पूर्व विधायक केवल ढिल्लों को अपना उम्मीदवार बनाया है। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान भी चुनावी मैदान में हैं।  

4. त्रिपुरा में विधानसभा की चार सीटों पर उपचुनाव: अगरतला, टाउन बारदोवाली, सुरमा और जुबराजनगर सीट पर ये चुनाव हो रहे हैं। टाउन बारदोवाली सीट पर सभी की नजरे हैं, जहां से मुख्यमंत्री माणिक साहा चुनाव लड़ रहे हैं। चार निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,89,032 मतदाता हैं। भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते सुदीप रॉय बर्मन और आशीष साहा कांग्रेस में शामिल हो गए थे जिसके बाद अगरतला और टाउन बारदोवाली सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। सूरमा सीट से भाजपा विधायक आशीष दास के पार्टी के खिलाफ बगावत करने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिस वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। माकपा विधायक रामेंद्र चंद्र देवनाथ के निधन के कारण जुबराजनगर सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

5. इन राज्यों में भी विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव: अन्य राज्यों की बात करें तो  झारखंड की मांडर विधानसभा सीट, दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट और आंध्र प्रदेश के अट्माकुर सीट के लिए भी आज उपचुनाव के तहत वोट डाले जा रहे हैं।

(भाषा इनपुट)

Web Title: Bypolls for 3 Lok Sabha and 7 Assembly seats continues today, here are 5 important updates

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे