बुद्धदेव भट्टाचार्य को अगले सप्ताह के शुरू में अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है: डॉक्टरों ने कहा
By भाषा | Published: December 12, 2020 08:18 PM2020-12-12T20:18:16+5:302020-12-12T20:18:16+5:30
कोलकाता,12 दिसंबर पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि उनके स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार के बाद अगले सप्ताह के शुरू में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
अस्पताल की एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को कहा कि भट्टाचार्य (76) की हालत स्थिर है। उन्होंने कहा, ‘‘भट्टाचार्य ठीक हैं। वह अब भी एनआईवी पर हैं और हम उम्मीद कर रहे हैं कि सोमवार या मंगलवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जायेगी।’’
उन्होंने कहा कि शनिवार की सुबह भट्टाचार्य की स्थिति की जांच के बाद पाया गया कि उनका ऑक्सीजन का स्तर 94 प्रतिशत है जबकि उनका रक्तचाप और नाड़ी स्पंदन स्थिर है।
अधिकारी ने कहा कि उन्होंने पिछली रात ठीक से गुजारी, वह होश में है और बात कर रहे हैं।
वर्ष 2000 से 2011 तक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री रहे भट्टाचार्य को सांस लेने में दिक्कत के बाद बुधवार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।