मुंबई इकाई की अध्यक्ष राखी जाधव बीजेपी में शामिल, नगर निकाय चुनाव से पहले शरद पवार को झटका, घाटकोपर से लड़ेंगी इलेक्शन
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: December 29, 2025 19:25 IST2025-12-29T19:24:01+5:302025-12-29T19:25:11+5:30
घाटकोपर से तीन बार पार्षद रह चुकीं राखी जाधव नगर निकाय में राकांपा समूह की नेता भी रह चुकी हैं और सांसद सुप्रिया सुले की करीबी मानी जाती हैं।

file photo
मुंबईः शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की मुंबई इकाई की अध्यक्ष राखी जाधव 15 जनवरी को होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनावों से पहले सोमवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। विधायक पराग शाह की उपस्थिति में जाधव औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गयीं और उनके घाटकोपर से सत्तारूढ़ पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावना है। इस कदम से राकांपा (एसपी) को ऐसे समय में झटका लगा है, जब मुंबई में संभावित चुनावी समझौते को लेकर चर्चा चल रही थी।
निकाय चुनावों से पहले एनसीपी (एसपी) के सामने गठबंधन के विकल्पों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज थीं, जिनमें उद्धव ठाकरे–राज ठाकरे का गठबंधन और कांग्रेस दो संभावित विकल्प माने जा रहे थे। हालांकि, गठबंधन की बातचीत जारी रहने के बावजूद, भाजपा ने जाधव को पार्टी में शामिल कर लिया, जिससे चुनाव के मौसम में पार्टी में दरारें और गहरी हो गईं।
जुलाई 2023 में राकांपा में हुए विभाजन के दौरान, जाधव ने राकांपा (एसपी) के साथ रहने का विकल्प चुना था। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर असंतोष के बाद उन्होंने पार्टी से अलग होने का फैसला किया। उनके करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी। जाधव ने पार्टी को 52 सीट के लिए उम्मीदवारों की सूची सौंपी थी और किसी गठबंधन या मोर्चे में कम से कम 30 सीटें मिलने की उम्मीद जताई थी,
लेकिन उनका दावा है कि इसे सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ स्तर पर प्रयास नहीं किए गए। सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित सीट-बंटवारे की व्यवस्था में पार्टी को कम सीट मिलने को लेकर राकांपा (एसपी) के भीतर असंतोष पनप रहा था, जिसका अब परिणाम जाधव के पार्टी छोड़ने के रूप में सामने आया है।
साथ ही, उनके भाजपा में शामिल होने से उस वार्ड में भाजपा के भीतर असंतोष पैदा हो सकता है, जहां से उनके चुनाव लड़ने की संभावना है। पूर्व मंत्री नवाब मलिक के शरद पवार का खेमा छोड़कर अजित पवार से जुड़ने के बाद जाधव को राकांपा (एसपी) की मुंबई इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
पार्टी के लिए एक कठिन समय के दौरान जाधव ने मुंबई में पार्टी के संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घाटकोपर से तीन बार पार्षद रह चुकीं जाधव नगर निकाय में राकांपा समूह की नेता भी रह चुकी हैं और सांसद सुप्रिया सुले की करीबी मानी जाती हैं। भाजपा में उनका शामिल होना मुंबई में राकांपा (एसपी) की संभावनाओं के लिए एक महत्वपूर्ण झटका माना जा रहा है।