जदयू के अरमानों पर पानी फेर रही है भाजपा, नही बनने दे रही है राष्ट्रीय पार्टी

By एस पी सिन्हा | Published: September 3, 2022 05:03 PM2022-09-03T17:03:04+5:302022-09-03T17:06:26+5:30

भाजपा ने मणिपुर में जदयू को जोर का झटका धीरे से देकर जदयू के राष्ट्रीय पार्टी बनने के मंसूबे पर एक बार फिर से पानी फेर दिया है।

BJP will not allow JDU to become a national party, party MLAs took revenge in Manipur | जदयू के अरमानों पर पानी फेर रही है भाजपा, नही बनने दे रही है राष्ट्रीय पार्टी

फाइल फोटो

Highlightsजदयू के राष्ट्रीय पार्टी बनने की राह में भाजपा ने पैदा की भारी परेशानी भाजपा ने मणिपुर में जदयू विधायकों को छिटका कर जोर का झटका धीरे से दिया हैमणिपुर में भाजपा ने जदयू के 6 विधायकों में से 5 विधायकों को अपने खेमे में मिला लिया है

पटना: बिहार में जदयू अभी हाल ही में भाजपा से अलग हुई है। इसके पहले से ही जदयू राष्ट्रीय पार्टी बनने के लिए लगातार अपनी पूरी ताकत झोंकती आ रही है लेकिन जदयू के मंसूबों पर भाजपा लगातार पानी फेरने का काम कर दे रही है। अब एक बार फिर से जदयू के राष्ट्रीय पार्टी बनने के मंसूबे पर भाजपा ने एक बार फिर से पानी फेर दिया है। मणिपुर में भाजपा ने जदयू को जोर का झटका धीरे से दे दिया है। जिसके चलते जदयू की मुश्किलें कम होने का नाम नही ले रही है।

बता दें कि पिछले ही महीने अगस्त में जदयू को मणिपुर में राज्य पार्टी का दर्जा मिला था। इससे पार्टी गदगद थी लेकिन ठीक एक महीने बाद ही उसके अरमानों पर भाजपा ने पानी फेर दिया है। मणिपुर में भाजपा के द्वारा जदयू के 6 में 5 विधायकों को अपने खेमे में मिला लिये जाने से राज्य पार्टी का दर्जा मिलने की खुशी एक महीने के अंदर में फीकी पड़ गई। हालांकि, कहा जा रहा है कि बिहार में एनडीए का दामन छोड़ने के बाद जदयू अब मणिपुर में भी भाजपा से अलग होने की तैयारी में थी।

पूर्वोत्तर राज्य की गठबंधन सरकार में शामिल जदयू सरकार से समर्थन वापस लेने की तैयारी कर रही थी। पटना में हो रही राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक में विधायकों की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह से मुलाकात की तैयारी चल रही थी। इसीबीच भाजपा ने सर्जिकल स्ट्राईक करते हुए जदयू के पांच विधायकों को अपनी पार्टी में मिला लिया। इससे पटना में हो रही बैठक में मायूसी छा गई।

इस सियासी घटना पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि अब अरुणाचल प्रदेश के बाद मणिपुर भी जदयू मुक्त हो गया। उन्होंने दावा किया कि वे सभी विधायक एनडीए में बने रहना चाहते थे। इसके अलावा सुशील मोदी ने यह भी कहा कि, ''बहुत जल्द लालू यादव बिहार को भी जदयू मुक्त कर देंगे। उन्होंने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि होर्डिंग और पोस्टर लगाकर कोई भी पीएम नहीं बन सकता है।''

इसके बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने अपने फेसबुक पोस्ट में सुशील मोदी को संबोधित करते हुए भाजपा की नैतिकता और आचरण पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा, ''सुशील जी, आपको स्मरण कराना चाहते हैं कि अरुणाचल और मणिपुर दोनों जगह जदयू ने भाजपा को हराकर सीटें जीती थी। इसलिए जदयू से मुक्ति का दिवास्पन्न मत देखिए।"

उन्होंने आगे लिखा है, "अरुणाचल में जो हुआ था, वह आपके गठबंधन धर्म के पालन के कारण हुआ था और मणिपुर में एक बार फिर भाजपा का नैतिक आचरण सबके सामने है। आपको याद होगा कि  2015 में प्रधानमंत्री जी ने 42 सभाएं की, तब जाकर 53 सीट ही जीत पाए थे। 2024 में देश जुमलेबाजों से मुक्त होगा। बस इंतजार कीजिए। आप इसी तरह अपने नेतृत्व को जदयू को खत्म करने का दिवास्वप्न दिखाते रहिए। आपको कुछ न कुछ जरूर मिल जाएगा। आपको मेरी शुभकामनाएं।"

Web Title: BJP will not allow JDU to become a national party, party MLAs took revenge in Manipur

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे