बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भाजपा नेता ने किया कटाक्ष, कहा- अपने कंधे पर बिठाकर भाजपा ने बनाया था आपको सीएम
By एस पी सिन्हा | Published: January 30, 2023 04:24 PM2023-01-30T16:24:16+5:302023-01-30T16:24:16+5:30
सम्राट चौधरी ने कहा कि आपने (नीतीश) पहले भी कहा था कि मिट्टी में मिल जाएंगे पर भाजपा में नहीं जाएंगे, पर बाद में आपने भाजपा के साथ समझौता किया था।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भाजपा नेता ने किया कटाक्ष, कहा- अपने कंधे पर बिठाकर भाजपा ने बनाया था आपको सीएम
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा यह कहे जाने पर कि "मर जाना कबूल है पर भाजपा के साथ जाना मंजूर नहीं" के बयान पर भाजपा ने जोरदार पलटवार किया है। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा ने ही नीतीश कुमार को अपने कंधे पर बिठाकर बिहार में मुख्यमंत्री बनवाया था। भाजपा ने नीतीश के साथ ही अन्य नेताओं का भी सहयोग किया था। लालू यादव भी पहली बार भाजपा के सहयोग से ही मुख्यमंत्री बने थे। भाजपा के सहयोग से ही लालू-नीतीश की पहचान इतनी बड़ी हुई है। अब जनता तय करेगी कि उनका हित किसके साथ है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि आपने (नीतीश) पहले भी कहा था कि मिट्टी में मिल जाएंगे पर भाजपा में नहीं जाएंगे, पर बाद में आपने भाजपा के साथ समझौता किया था। अब आपके कहने पर भी भाजपा समझौता नहीं करने वाली है। इसका फैसला भाजपा ने पहले ही ले लिया है। नीतीश कुमार भाजपा ने कंधे पर बिठाकर मुख्यमंत्री बनाया। अभी आप जिनके कंधे पर हैं, उसको भी भाजपा ने ही बनाया। 2024 में आपको कितनी सीट मिलेगी यह सबको पता है। आपको एक भी सीट नहीं मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जदयू के कई ऐसे नेता है जो आज समाज में खुद को बहुत बड़ा नेता बताते हैं, इसके पीछे भी भाजपा का ही सहयोग है। लेकिन अब बिहार की जनता सबकुछ समझ चुकी है और बहुत जल्द इसका परिणाम भी देखने को मिलेगा।