बीजेपी ने ओडिशा विधानसभा की 99 सीटों और लोकसभा की 10 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी

By भाषा | Published: March 22, 2019 04:58 AM2019-03-22T04:58:55+5:302019-03-22T04:58:55+5:30

भाजपा ने उन कई उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है जो मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद या कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

BJP Announced Odisha Assembly and Lok Sabha elections Candidates first list | बीजेपी ने ओडिशा विधानसभा की 99 सीटों और लोकसभा की 10 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी

जय पांडा

भुवनेश्वर, 21 मार्च: भाजपा ने ओडिशा में 147 विधानसभा सीटों में से 99 सीटों पर बृहस्पतिवार को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। साथ में 10 लोकसभा सीटों पर भी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने 2014 में बीजद के टिकट पर चुनाव जीतने वाले बालभद्र माझी और बैजयंत पांडा को अपना उम्मीदवार बनाया है। ये दोनों नेता इस महीने के शुरू में भगवा दल में शामिल हुए थे। पांडा को केंद्रपाड़ा से टिकट दिया गया है तो माझी नबरंगपुर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

इसके अलावा पार्टी ने केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुअल ओराम को सुरंदगढ़ लोकसभा सीट से फिर से टिकट दिया है। ओडिशा में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव एक साथ चार चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को होगा। भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की नई दिल्ली में हुई बैठक के बाद पार्टी ने सूची जारी की।

पार्टी ने ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में से 10 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। भाजपा ने उन कई उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है जो मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद या कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता जे पी नड्डा ने संवाददाता सम्मेलन में लोकसभा चुनाव के लिये उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। उन्होंने बताया कि 16 मार्च, 19 मार्च और 20 मार्च को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इसमें एक-एक करके राज्यों पर चर्चा हुई जिसमें भाजपा अध्यक्ष शाह, प्रधानमंत्री मोदी ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की जगह गांधीनगर से मैदान में उतरेंगे।

Web Title: BJP Announced Odisha Assembly and Lok Sabha elections Candidates first list