पति ने बीवी से दिल्ली की मॉडर्न लड़कियों जैसी स्टाइलिश बनने को कहा, इनकार करने पर दिया ट्रिपल तलाक!
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: October 13, 2019 11:25 AM2019-10-13T11:25:29+5:302019-10-13T11:25:29+5:30
नूरी फातिमा नाम की एक महिला ने दावा किया कि उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया क्योंकि उसने मॉडर्न बनने, छोटे कपड़े पहनने और शराब के सेवन से मना कर दिया था।
देश में तीन तलाक का सख्त कानून बनने के बावजूद छोटी-छोटी बातों पर तीन तलाक दिए जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बिहार की राजधानी पटना का है। नूरी फातिमा नाम की एक महिला ने दावा किया कि उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया क्योंकि उसने मॉडर्न बनने, छोटे कपड़े पहनने और शराब के सेवन से मना कर दिया था।
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए नूरी फातिमा ने बताया कि उसकी शादी 2015 में इमरान मुस्तफा के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद वो दिल्ली जाकर रहने लगे। पीड़िता ने बताया कि उसका पति चाहता था कि शहर की मॉडर्न लड़कियों की तरह बन जाए, जो छोटे कपड़े पहनती हैं, शराब पीती हैं।
नूरी ने बताया कि जब मैंने इससे इनकार किया तो मुझे रोजाना पीटने लगा। कई साल तक यह प्रताड़ना जारी रही। कुछ दिन पहले उसने मुझे अपने घर से जाने को कहा। जब मैंने मना किया तो उसने मुझे तीन तलाक दे दिया। इस मामले में पीड़िता ने राज्य महिला आयोग से शिकायत की है, जिसके बाद उसके पति को नोटिस भेजा गया है।