शायद उन्हें तलाश किसी बेवफा की थी..., पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने नीतीश कुमार पर कसा तंज
By एस पी सिन्हा | Published: October 22, 2022 06:43 PM2022-10-22T18:43:08+5:302022-10-22T18:44:38+5:30
आरसीपी सिंह के भाजपा में शामिल होने की संभावना पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कोई भी भाजपा को मिस कॉल मारता है तो भाजपा उसे गले लगा लेती है।
पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फिर से पलटी मारे जाने की अटकलों पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाजपा में शामिल होने की कोई गुंजाइश ही नहीं है।
नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमारे रास्ते अब अलग हो गए। हमने हमेशा उनका साथ दिया। वो जो कहते थे हम सुनते थे। वो खुद भाजपा को छोड़कर गए। हमने हमेशा वफ़ादारी निभाई है। हुसैन ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि हम बेवफा थे इसलिए हम नजरों से गिर गए। शायद उन्हें तलाश किसी बेवफा की थी।
उन्होंने कहा कि जिन्होंने नीतीश कुमार को भद्दी-भद्दी गालियां दी, विधानसभा में अपमानित किया, उनके साथ वह चले गए। हमने हमेशा उन्हें इज्ज़त दी, इसके बावजूद वे उजाले को छोड़कर लालटेन की रोशनी में गए। अब उनके लिए ये दरवाजा दोबारा नहीं खुल सकता।
हुसैन ने कहा कि हमनें मिशन 40 की तैयारी शुरू कर दी है। हमें 40 के 40 लोकसभा जितनी है। वहीं, जब उनसे आरसीपी सिंह के कैंपेन पर जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम सब कैंपेनिंग में लगे हैं। हमारा अभी उसी पर काम चल रहा है।
आरसीपी सिंह के भाजपा में शामिल होने की संभावना पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कोई भी भाजपा को मिस कॉल मारता है तो भाजपा उसे गले लगा लेती है। भाजपा के दरवाजे हमेशा खुले हैं। हम न किसी से जाति पूछते हैं न किसी का नाम पूछते हैं।