सदन में 243 विधायकों की बात नहीं सुनते हैं, क्या समाधान करेंगे?, पूर्व कृषि मंत्री और राजद विधायक सुधाकर सिंह ने सीएम नीतीश कुमार पर कसा तंज
By एस पी सिन्हा | Published: January 9, 2023 05:53 PM2023-01-09T17:53:39+5:302023-01-09T17:54:46+5:30
बिहारः सुधाकर सिंह ने कहा कि राजद नीतीश कुमार को पीएम बनाना चाहती है तो दिक्कत नहीं, लेकिन पीएम वही बनेगा जिसे कांग्रेस का समर्थन मिलेगा
पटनाः बिहार के पूर्व कृषि मंत्री व राजद विधायक सुधाकर सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगातार हमला करते जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा को लेकर कहा है कि जो सदन में 243 विधायकों की बात नहीं सुनते हैं, वे क्या समाधान करेंगे? उन्होंने कहा कि उन्हें देश घूमने की जरूरत नहीं है।
वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को एक आवेदन दे दें, उसी से मान लिया जाएगा की आप महागठबंधन के सहयोगी हैं। सुधाकर सिंह ने कहा कि राजद नीतीश कुमार को पीएम बनाना चाहती है तो दिक्कत नहीं, लेकिन पीएम वही बनेगा जिसे कांग्रेस का समर्थन मिलेगा। सुधाकर सिंह यही नहीं रुके।
उन्होंने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव द्वारा भाजपा का एजेंट बताए जाने वाले सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा के एजेंट हैं, वह महागठबंधन के साथ सरकार भले ही चला रहे हैं लेकिन सरकार चलाने की सभी नीति भाजपा की है।
वहीं जदयू के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा द्वारा उठाए जा रहे है सवाल कि खरमास के बाद सुधाकर सिंह को राजद पार्टी से बाहर निकाल देगी। इस पर उन्होंने कहा कि जदयू प्रवक्ता नेता के सवाल का जवाब हम नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा पार्टी का मुखौटा हैं।
मेरा सवाल सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से है। हम मंडी कानून, खाद की कालाबाजारी और किसानों की समस्या को लेकर सवाल करते हैं। मुख्यमंत्री को इसकी जबाव देना चाहिए। पार्टी प्रवक्ता कुछ भी बोल रहे हो उसका जवाब नहीं देने वाले हैं।