2028 तक राजद अध्यक्ष रहेंगे लालू प्रसाद, लगातार 13वीं बार निर्विरोध, 1997 से पद पर काबिज
By एस पी सिन्हा | Updated: July 5, 2025 17:40 IST2025-07-05T17:38:38+5:302025-07-05T17:40:01+5:30
बैठक को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

file photo
पटनाः राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के संस्थापक लालू प्रसाद यादव को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। वे लगातार 13वीं बार इस पद पर निर्विरोध चुने गए हैं और अब 2028 तक अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। उन्हें पार्टी नेताओं ने प्रमाण पत्र और पुष्प गुच्छ देकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की बधाई दी। राजद की राष्ट्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित की गई थी। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. रामचन्द्र पूर्वे ने किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद लालू यादव ने राबड़ी देवी के साथ मंच से कार्यकर्ताओं और नेताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। बता दें कि लालू यादव ने 23 जून को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था।
उनके खिलाफ किसी भी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया, जिसके चलते डॉ. पूर्वे ने उन्हें निर्विरोध चुने जाने की घोषणा की। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद के लिए आज के कार्यक्रम अहम माने जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि लालू यादव ने 1997 में जनता दल से अलग होकर राजद का गठन किया था।
और तभी से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हुए हैं। बीते 28 वर्षों में उन्होंने पार्टी को कई उतार-चढ़ाव से निकालते हुए राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से खड़ा रखा है। इस बैठक को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।