बिहार: नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की 8वीं बार आज लेंगे शपथ, दोपहर दो बजे शपथ ग्रहण कार्यक्रम, तेजस्वी यादव होंगे डिप्टी सीएम

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: August 10, 2022 07:52 AM2022-08-10T07:52:26+5:302022-08-10T07:57:56+5:30

नीतीश कुमार आज दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। ये आठवीं बार है जब नीतीश कुमार सीएम पद की शपथ ले रहे हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

Bihar: Nitish Kumar to take oath for the 8th time as Chief Minister today swearing-in program at 2 pm | बिहार: नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की 8वीं बार आज लेंगे शपथ, दोपहर दो बजे शपथ ग्रहण कार्यक्रम, तेजस्वी यादव होंगे डिप्टी सीएम

नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की 8वीं बार आज लेंगे शपथ (फाइल फोटो)

Highlightsनीतीश कुमार और तेजस्वी यादव क्रमश: मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ आज लेंगे।शपथ ग्रहण कार्यक्रम आज दोपहर दो बजे राजभवन में होगा, बाद में मंत्रिमंडल विस्तार।नीतीश कुमार इस बार सात दलों के गठबंधन का नेतृत्व करेंगे, कांग्रेस को भी मंत्रिमंडल में जगह।

पटना: जदयू नेता नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर आज आठवीं बार शपथ लेंगे। वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। शपथ ग्रहण कार्यक्रम बुधवार दोपहर दो बजे राजभवन में होगा। नीतीश कुमार इस बार सात दलों के गठबंधन का नेतृत्व करेंगे।

इस गठबंधन को एक निर्दलीय का समर्थन प्राप्त है। नीतीश कुमार ने कल ही भाजपा से गठबंधन तोड़ने का ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और आरजेडी, कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों के सहयोग से सरकार बनाने का दावा राज्यपाल फागू चौहान के सामने पेश किया था।

बाद में मंत्रिमंडल विस्तार, कांग्रेस को भी जगह

नीतीश कुमार की जदयू और तेजस्वी यादव के राजद सूत्रों ने कहा कि बाद में दो सदस्यीय मंत्रिमंडल में और मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार नए मंत्रिमंडल में जदयू के अलावा राजद और कांग्रेस के प्रतिनिधि होंगे। वाम दलों द्वारा अपनी स्वतंत्र पहचान बनाए रखने के लिए नई सरकार को बाहर से समर्थन देने की संभावना है।

इससे पहले 71 साल के नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल से दो बार मुलाकात की। पहली बार राजग गठबंधन का नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री के रूप में अपना इस्तीफा सौंपा जबकि दूसरी बार तेजस्वी सहित विपक्षी महागठबंधन के अन्य सहयोगियों के साथ राजभवन जाकर राज्यपाल को 164 विधायकों के समर्थन की सूची सौंपी। बिहार विधानसभा में इस समय 242 सदस्य हैं और बहुमत हासिल करने का जादुई आंकड़ा 122 है।

'पार्टी की बैठक में राजग छोड़ने का हुआ फैसला'

तेजस्वी यादव के साथ राजभवन से बाहर निकलने पर कुमार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ‘पार्टी की बैठक में यह तय हुआ कि हमें राजग छोड़ देना चाहिए। इसलिए, मैंने राजग के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।’

बता दें कि जाति जनगणना, जनसंख्या नियंत्रण और अग्निपथ योजना और कुमार के पूर्व विश्वासपात्र आरसीपी सिंह को केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के रूप में बनाए रखने सहित कई मुद्दों पर जदयू और भाजपा के बीच हफ्तों से तनाव चल रहा था। कुछ मौकों पर ये बयानबाजी के जरिए खुलकर सामने भी आया। जदयू पांच साल पहले यानी 2017 में महागठबंधन से अलग हुआ था और भाजपा से हाथ मिला लिया गया था।

जदयू के पास अभी अपने 45 विधायक हैं और एक निर्दलीय विधायक का उसे समर्थन प्राप्त है जबकि राजद के पास 79 विधायक हैं। कांग्रेस के पास 19 जबकि भाकपा-माले के 12 विधायक, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दो-दो विधायकों ने भी उन्हें समर्थन के पत्र दिए हैं। हिंदुस्तानी अवाम मोर्च के चार विधायक भी कुमार के साथ हैं। 

(भाषा इनपुट)

Web Title: Bihar: Nitish Kumar to take oath for the 8th time as Chief Minister today swearing-in program at 2 pm

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे