Bihar: CM सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे नीतीश कुमार, जानें क्या हुई बातचीत

By एस पी सिन्हा | Updated: April 18, 2026 14:00 IST2026-04-18T14:00:03+5:302026-04-18T14:00:28+5:30

Bihar: इस दौरान एक तस्वीर में देखा गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हाथ जोड़कर नीतीश कुमार को प्रणाम कर रहे हैं और नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा। सम्राट से मिलने के बाद नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए दिखे।

Bihar Nitish Kumar arrives to meet CM Samrat Chaudhary find out what transpired | Bihar: CM सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे नीतीश कुमार, जानें क्या हुई बातचीत

Bihar: CM सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे नीतीश कुमार, जानें क्या हुई बातचीत

Bihar: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार शनिवार को एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आए। इसी कड़ी में सुबह-सुबह नीतीश कुमार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने उनके आवास 5 देशरत्न मार्ग पहुंचे। चेहरे पर मुस्कान के साथ कंधे पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

इस दौरान एक तस्वीर में देखा गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हाथ जोड़कर नीतीश कुमार को प्रणाम कर रहे हैं और नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा। सम्राट से मिलने के बाद नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए दिखे।

बताया जाता है कि नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी की मुलाकात लगभग 20 मिनट तक हुई। संभावना जताई जा रही है कि दोनों के बीच मौजूदा राजनीतिक हालातों पर बातचीत हुई होगी। मुलाकात के बाद नीतीश कुमार बिना मीडिया से बातचीत किए वहां से निकल गए, जिससे सियासी अटकलों का बाजार और गर्म हो गया है। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी दिनचर्या के अनुसार जनता दरबार में शामिल हुए, जहां उन्होंने आम लोगों की समस्याएं सुनीं।

इसके साथ ही उन्होंने बिहार के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और उनकी बातों को ध्यान से सुना। उल्लेखनीय है कि सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वे राज्य के 24वें मुख्यमंत्री बने और उनके साथ विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस बदलाव के साथ बिहार की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत हुई।

वहीं नीतीश कुमार, जो करीब दो दशकों तक बिहार की राजनीति के केंद्र में रहे, हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने सक्रिय प्रशासनिक जिम्मेदारियों से दूरी बनाई है, लेकिन राजनीति में उनकी भूमिका अब भी अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि नीतीश कुमार का अनुभव और राजनीतिक समझ नई सरकार के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

बता दें कि नीतीश कुमार ने शनिवार को अपने दिन की शुरुआत जदयू कोटे से बनाए गए दोनों उप मुख्यमंत्रियों से मुलाकात के साथ की। वे पहले उनके आवास पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक बातचीत की। इस दौरान राज्य की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और सरकार के कामकाज को लेकर चर्चा होने की बात सामने आ रही है। हालांकि इस बैठक को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस बीच मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही सम्राट चौधरी एक्शन मोड में हैं। उन्होंने सख्त आदेश दिया था कि बिहार को विकसित राज्य बनाना है और इसके लिए अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ काम करें। प्रखंडों और थानों में आम जनता को हर बेहतर और समय पर सुविधा दी जाए। समस्याओं का तेजी से समाधान करें। शनिवार की सुबह उनसे मिलने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी। इस दौरान गयाजी से एक युवक पहुंचा। वह युवक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए माला लेकर आया था। उसने सम्राट चौधरी से लोन की अपील की, ताकि उसे नौकरी के लिए बिहार से बाहर नहीं जाना पड़े। युवक की अपील पूरा करने का आश्वासन इस दौरान सम्राट चौधरी ने दिया। इस दौरान एक दंपति भी उनसे मदद के लिए पहुंचे। इसके अलावा भी कई लोगों ने उनसे मुलाकात की।

Web Title: Bihar Nitish Kumar arrives to meet CM Samrat Chaudhary find out what transpired

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे