सीएम नीतीश कुमार पर हमला, कृषि रोड मैप बेकार, मंत्री सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री को कठघरे में खड़ा किया
By एस पी सिन्हा | Published: September 25, 2022 05:50 PM2022-09-25T17:50:38+5:302022-09-25T17:51:47+5:30
बिहारः कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने नीतीश सरकार के दूसरे और तीसरे कृषि रोड मैप को बेकार बताते हुए कहा कि इससे किसानों को कोई लाभ नहीं मिला है।
पटनाः बिहार सरकार में राजद कोटे से कृषि मंत्री बने सुधाकर सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कठघरे में खड़ा करने से नहीं चूक रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर अपनी ही सरकार पर सवाल उठा दिया है। कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने नीतीश सरकार के दूसरे और तीसरे कृषि रोड मैप को बेकार बताते हुए कहा कि इससे किसानों को कोई लाभ नहीं मिला है।
न तो किसानों की आमदनी बढ़ी और ना ही उत्पादन ही बढ़ा। उन्होंने कहा कि वे स्वतंत्र एजेंसी से इसकी जांच कराएंगे। इससे पहले सुधाकर सिंह ने अपने ही विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे और हर खेत तक पानी पहुंचाने के नीतीश कुमार के दावे पर सवाल उठाया था।
कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने कहा है कि नीतीश सरकार के कृषि रोडमैप में फसलों का उत्पादन और किसानों की आमदनी बढ़ाने का कोई जिक्र नहीं है। कृषि रोड मैप के आंकड़े चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि बीते 10 सालों में खाद्यान्न के उत्पादन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। उल्टा आंकड़े बताते हैं कि 2011-12 के मुकाबले 2021-22 में उप्तादन 1 लाख टन तक घट गया।
उन्होंने कहा कि कृषि रोड मैप के आंकड़े निराशाजनक हैं। उन्होंने कहा कि इतना खर्च होने के बावजूद रिजल्ट गड़बड़ आया। अगले कृषि रोड मैप पिछली खामियों को ध्यान में रखते हुए बनाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा लाए गए अब तक के सभी कृषि रोडमैप की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराएंगे। इससे पता चलेगा कि कहां खामियां रह गईं?
बता दें कि सुधाकर सिंह राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे हैं। पिछले महीने जब बिहार में सत्ता परिवर्तन हुआ तो उन्हें कृषि मंत्री बनाया गया। मगर मंत्री बनते ही उनके बागी तेवर दिखने लगे। उन्होंने अपने ही विभाग के अधिकारियों पर सवाल उठाते हुए उन्हें चोर बताया था। वहीं, खुद को चोरों का सरदार बताया था। यही नहीं उन्होंने यह भी कहा था कि उनके उपर भी सरदार बैठे हैं।
इसके बाद उन्होंने नीतीश कुमार के हर खेत तक पानी पहुंचाने के दावे को भी झूठा बताया। पिछले दिनों कैबिनेट की बैठक में उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से तकरार हो गई थी, इसके बाद वे बीच में ही उठकर चले गए थे। ऐसे में सुधाकर सिंह के द्वारा एक बार फिर नीतीश सरकार पर सवाल उठाने के बाद बिहार की सियासत में गर्माहट आने की संभावना जताई जा रही है।