जदयू संसदीय बोर्ड का कोई भी अध्यक्ष नहीं, उपेंद्र कुशवाहा सिर्फ विधान पार्षद हैं, ललन सिंह ने कहा-किसके शह पर बोल रहे हैं, सब जानते...
By एस पी सिन्हा | Published: February 6, 2023 06:16 PM2023-02-06T18:16:47+5:302023-02-06T18:17:34+5:30
बिहारः ललन सिंह ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि उपेंद्र कुशवाहा किसके शह पर बोल रहे हैं, वो सब जानते हैं।

19-20 फरवरी को राज्य भर के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है।
पटनाः जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के खिलाफ खोले गये मोर्चे के बाद पार्टी में घमासान की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसबीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा है कि उपेंद्र कुशवाहा सिर्फ विधान पार्षद हैं।
वे जदयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए सोमवार को कहा कि इस समय में जदयू संसदीय बोर्ड का कोई भी अध्यक्ष नहीं है। उपेंद्र कुशवाहा को पार्टी में पूरा इज्जत मिल रहा है। ललन सिंह ने कहा कि पार्टी में सिर्फ जदयू अध्यक्ष का चुनाव हुआ है और वो मैं हूं।
ललन सिंह ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि उपेंद्र कुशवाहा किसके शह पर बोल रहे हैं, वो सब जानते हैं। साथ ही उन्होंने कुशवाहा के आरोप पर कहा कि उनको पार्टी ने काफी इज्जत दी, लेकिन इसके बावजूद वे क्या कर रहे हैं, यह किसी से छिपी नहीं है यह बात सब जानते हैं। ललन सिंह ने साफ किया है कि जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष पद से वे खुद ही हटे हुए हैं।
अभी जेडीयू संसदीय बोर्ड का राष्ट्रीय अध्यक्ष कोई नहीं है। अभी जो चुनाव हुआ है, उसके बाद कोई गठन नहीं हुआ है। केंद्रीय पदाधिकारी की सूची भी अभी जारी नहीं की गई है। जब तक हम पदाधिकारी नहीं बनाते तब तक अभी कोई पदाधिकारी नहीं है। इसलिए उपेंद्र कुशवाहा के अब राष्ट्रीय अध्यक्ष रहने की कोई बात नहीं है। उनका कार्यकाल खत्म हो चुका है।
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में अंदरूनी घमासान मचा हुआ है। पार्टी के दो बड़े नेता ललन सिंह और उपेंद्र कुशवाहा आमने-सामने आ गए हैं। जदयू नेता उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार को एक बार फिर से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधा था। उन्होंने एक पत्र जारी कर जदयू की कमजोर होती स्थिति और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रवैये पर बड़ा सवाल किया है।
19-20 फरवरी को राज्य भर के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। जिस पर ललन सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा को जवाब देते हुए कहा कि सब मनगढ़ंत बातें हैं। जिसके बाद एक बार फिर उपेंद्र कुशवाहा ने पलटवार करते हुए कहा कि ये कोई मनगढंत कहानी नहीं है। उपेन्द्र कुशवाहा पिछले कुछ समय से लगातार पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने नीतीश कुमार और ललन सिंह पर निशाना भी साधा है। उपेंद्र कुशवाहा ने सवाल किया था कि नीतीश कुमार ने राजद से कौन से डील की है यह सार्वजनिक करें। उन्होंने जदयू के कमजोर होने की बात कही है। इन सबके बीच अब जदयू में उनके गिने चुने दिन शेष होने की बात कही जा रही है।