Bihar Chunav Result: 101 पर चुनाव लड़े और 89 में जीत?, ये 12 भाजपा प्रत्याशी हारे, देखिए लिस्ट

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: November 15, 2025 10:54 IST2025-11-15T10:18:09+5:302025-11-15T10:54:52+5:30

Bihar Chunav Result: भाजपा के हरिभूषण ठाकुर को बिस्फी सीट पर राजद के आसिफ अहमद ने 8,107 वोटों के अंतर से पराजित किया। ठाकुर को 92,664 वोट मिले।

Bihar Chunav Result NDA bjp Contested 101 seats won 89 These 12 BJP candidates lost see list tsunami 12 BJP candidates lost 06 Congress candidates managed survive | Bihar Chunav Result: 101 पर चुनाव लड़े और 89 में जीत?, ये 12 भाजपा प्रत्याशी हारे, देखिए लिस्ट

file photo

Highlightsचंपटिया में भाजपा के उमाकांत सिंह बेहद कम 602 वोट से कांग्रेस के अभिषेक रंजन से हार गए।रंजन को 87,538 जबकि सिंह को 86,936 वोट मिले।फारबिसगंज में भाजपा के विद्या सागर केशरी 221 वोट के अंतर से हार गये।

Bihar Chunav Result: बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ऐतिहासिक प्रदर्शन किया लेकिन राजग की एक तरह की चुनावी सुनामी में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 12 प्रत्याशी देर रात तक जीत नहीं हासिल कर सके। निर्वाचन आयोग के मुताबिक इनमें से कई उम्मीदवार बहुत कम अंतर से हारे — कहीं 30 तो कहीं 178 वोटों से हारे। दूसरी ओर, कांग्रेस के 61 प्रत्याशियों में सिर्फ छह ही राजग की लहर में अपनी जीत बचा पाए। हारने वाले 12 भाजपा उम्मीदवारों में विनोद कुमार शामिल हैं, जिन्हें बायसी सीट पर एआईएमआईएम के गुलाम सरवर ने 27,251 वोटों के भारी अंतर से हराया। भाजपा के हरिभूषण ठाकुर को बिस्फी सीट पर राजद के आसिफ अहमद ने 8,107 वोटों के अंतर से पराजित किया। ठाकुर को 92,664 वोट मिले।

चंपटिया में भाजपा के उमाकांत सिंह बेहद कम 602 वोट से कांग्रेस के अभिषेक रंजन से हार गए। रंजन को 87,538 जबकि सिंह को 86,936 वोट मिले। फारबिसगंज में भाजपा के विद्या सागर केशरी 221 वोट के अंतर से हार गये। कांग्रेस के मनोज बिश्वास ने 1,20,114 वोट पाकर जीत दर्ज की।

किशनगंज सीट पर भाजपा की स्वीटी सिंह को 76,875 वोट मिले, लेकिन उन्हें कांग्रेस के मोहम्मद कमरुल होदा ने 12,794 वोट के अंतर से हराया। कोचाधामन में भाजपा की बीना देवी तीसरे स्थान पर रहीं। उन्हें 44,858 वोट मिले। एआईएमआईएम के मोहम्मद सरवर आलम ने 81,860 वोट लेकर जीत दर्ज की, जबकि दूसरे स्थान पर रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुजाहिद आलम को 58,839 वोट मिले।

सहरसा में भाजपा उम्मीदवार आलोक रंजन को 2,038 मतों के अंतर से हार मिली। उन्हें इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने 1,15,036 वोट पाकर हराया। राघोपुर में शुरुआती कड़ी टक्कर के बाद भाजपा के सतीश कुमार को राजद नेता और ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने 14,532 वोट के अंतर से हराया।

सतीश ने 1,04,065 वोट हासिल किए। वारिसलीगंज में भाजपा की अरुणा देवी को राजद की अनीता ने 7,543 वोट के अंतर से शिकस्त दी। अरुणा देवी को 90,290 वोट मिले। रामगढ़ सीट पर भाजपा के अशोक कुमार सिंह को बसपा के सतीश कुमार सिंह यादव ने सिर्फ 30 वोटों से हराया। अशोक को 72,659 वोट मिले।

ढाका सीट पर भाजपा के पवन कुमार जायसवाल को राजद के फैसल रहमान ने 178 वोटों से हराया। जायसवाल को 1,12,549 वोट मिले। गोह सीट पर भाजपा के डॉ. रविरंजन कुमार को राजद के अमरेंद्र कुमार ने 4,041 वोटों के अंतर से पराजित किया। भाजपा उम्मीदवार को 89,583 वोट मिले।

इधर, कांग्रेस के केवल छह उम्मीदवार जीत हासिल कर पाए। इनमें सुरेंद्र प्रसाद, अभिषेक रंजन, मनोज विश्वास, अबिदुर रहमान, मोहम्मद कमरुल होदा और मनोहर प्रसाद सिंह शामिल हैं। वाल्मिकीनगर सीट पर कांग्रेस के सुरेंद्र प्रसाद ने जनता दल यूनाइटेड के धीरेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ रिंकू सिंह को 1,675 वोट के अंतर से हराया।

प्रसाद को 1,07,730 वोट मिले। अररिया सीट पर अबिदुर रहमान ने जदयू की शगुफ़्ता अज़ीम को 12,741 वोट के अंतर से मात दी। रहमान को 91,529 वोट मिले। कांग्रेस के मनोहर प्रसाद सिंह ने शंभू कुमार सुमन को 15,168 वोट के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की भारी सफलता के लिए मतदाताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई दी। योगी ने इसको प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकासोन्मुखी मार्गदर्शन में बिहार की जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण बताया।

योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-राजग गठबंधन की प्रचंड विजय के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं जनता-जनार्दन का अभिनंदन।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐतिहासिक विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकासोन्मुख मार्गदर्शन और ‘डबल इंजन’ सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों पर बिहार की जनता के अटूट विश्वास की मुहर है।’’ योगी ने कहा, ‘‘यह जनादेश विकास, सुशासन, समृद्धि और स्थिरता के उस मार्ग का समर्थन है, जिस पर नया बिहार आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा है।’’

बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रचार अभियान का नेतृत्व किया और सबसे ज्यादा मांग वाले स्टार प्रचारकों में से एक बनकर उभरे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि आदित्यनाथ ने 10 दिनों के प्रचार अभियान में 30 रैलियों को संबोधित किया और एक रोड शो किया, जिसमें उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगियों समेत राजग के 43 उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा। अपने संबोधनों के दौरान, उन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार में राजग के शासन के रिकॉर्ड पर प्रकाश डाला, साथ ही "जंगल राज", अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस-राजद गठबंधन की आलोचना की।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और बिहार विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमने मगध जीता, अवध भी जीतेंगे। हम 2027 में 2017 दोहराएंगे।’’ उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव में केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में भाजपा गठबंधन ने राज्य की 403 सीट में से 325 सीट पर जीत हासिल की थी।

तब मौर्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष थे। मौर्य ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘बिहार ने आज स्पष्ट कर दिया है कि उसका भरोसा काम, सुशासन और विकसित बिहार के संकल्प पर आधारित है।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘यह जीत हर उस बिहारवासी की है जिसने जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति को निर्णायक रूप से नकारकर सुशासन और विकास को चुना है।

इस प्रचंड विजय के लिए समस्त राजग नेतृत्व को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’ अन्य उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को विजयश्री की शुभकामनाएं।’’ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बिहार विधानसभा चुनाव में राजग की प्रचण्ड जीत को देश के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के उत्कृष्ट विकास नीतियों एवं अंत्योदय व गरीब कल्याण योजनाओं का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि यह जीत बिहार की देवतुल्य जनता का प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व पर अटूट विश्वास का प्रमाण है तथा राजग की जनसेवा, गरीब कल्याण, विकसित भारत एवं जनकल्याण की प्रभावशाली नीतियों की अटूट जीत है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए बिहार की जनता -जनार्दन, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया है।

Web Title: Bihar Chunav Result NDA bjp Contested 101 seats won 89 These 12 BJP candidates lost see list tsunami 12 BJP candidates lost 06 Congress candidates managed survive

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे