बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की, विपक्षी रणनीति पर हुई चर्चा
By एस पी सिन्हा | Published: May 10, 2023 09:19 PM2023-05-10T21:19:10+5:302023-05-10T21:25:31+5:30
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज रांची पहुंचे, जहां उन्होंने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान जदयू प्रमुख ललन सिंह भी साथ थे।

बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की, विपक्षी रणनीति पर हुई चर्चा
रांची: मिशन 2024 को लेकर अपनी मुहिम में जुटे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर जदयू कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं रांची पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान मंत्री संजय झा और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी साथ थे।
नीतीश की अगुवाई में जदयू नेताओं ने राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ मिलकर हेमंत सोरेन के साथ विपक्षी दलों की एकजुट पर व्यापक बात की। मुलाकात के बाद साझा प्रेस वार्ता की गई, जिसमें दोनों नेताओं ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि जब हम एकजुट होकर काम करेंगे तब आगामी लोकसभा चुनाव में परिणाम देख लीजियेगा। जो परिणाम सामने आएंगे उसे देख देश का इतिहास मजबूत होगा। आजादी की लड़ाई का इतिहास कायम रहेगा देश प्रगति करेगा और हम देश में किसी भी प्रकार का विवाद नहीं होने देंगे।
उन्होंने कहा कि आज इतिहास को दबाने की कोशिश की जा रही है। चौथे स्तंभ मीडिया को भी स्वतंत्र रूप से काम करने नहीं दिया जा रहा है। आज चर्चा सिर्फ और सिर्फ एक व्यक्ति की होती है। बता दें कि इससे पहले 9 मई को नीतीश कुमार ओडिशा पहुंचे थे और वहां के सीएम नवीन पटनायक से मुलाकात की थी और आज उन्होंने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से मिले। अब कल 11 मई को नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव मुंबई जाएंगे जहां उद्धव ठाकरे से मिलकर एकजुट होने की पहल करेंगे।
दरअसल, जैसे-जैसे लोकसभा का चुनाव नजदीक आ रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी विपक्ष को एकजुट करने की अपनी मुहिम को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव रांची पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उन्होंने मुलाकात की। इससे पहले 9 मई को विपक्षी एकता मिशन के तहत सीएम नीतीश ओडिशा पहुंचे थे, जहां नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ उनके आवास पर जाकर मुलाकात की थी।
जिसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा थी कि नवीन पटनायक से उनका रिश्ता काफी पुराना रहा है। वहीं इस मुलाकात के बाद ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने कहा था कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के दौरान किसी तरह के गठबंधन पर चर्चा नहीं हुई है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात के दौरान भी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और मंत्री संजय झा भी नीतीश के साथ मौजूद थे।