बिहार: कांग्रेस नेताओं की जाति वाली पोस्टर पर बीजेपी का जवाब, सभी को बताया 'भारतीय'
By एस पी सिन्हा | Updated: September 29, 2018 02:51 IST2018-09-29T02:51:14+5:302018-09-29T02:51:14+5:30
पटना,28 सितंबर: लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार म�..

बिहार: कांग्रेस नेताओं की जाति वाली पोस्टर पर बीजेपी का जवाब, सभी को बताया 'भारतीय'
पटना,28 सितंबर: लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। पोस्टर के जरिए अब कांग्रेस और भाजपा के बीच प्रतियोगिता शुरू हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस के पोस्टर के जवाब में पोस्टर लगाए हैं। पटना में कांग्रेस के ऐतिहासिक सदाकत आश्रम के बाहर पार्टी के नेताओं की होर्डिंग लगाई गई, जिसमें उनकी जातियां भी लिखी थीं। इसके अगले ही दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज अपने नेताओं की होर्डिंग लगाई है।
भाजपा के द्वारा लगाये गये इस होर्डिंग में सबको 'भारतीय' बताया गया है। इस तरह चुनाव से पहले पोस्टर और बिलबोर्ड पर राजनीतिक दलों की ये लडाई और तेज हो सकती है। कांग्रेस ने पोस्टर के जरिए सभी जातियों को पार्टी में हिस्सेदारी देने की बात कही थी।
जिसके जवाब में भाजपा ने अपने सभी नेताओं को भारतीय बता कर जवाब दिया है। दरअसल, कांग्रेस ने पटना में एक पोस्टर लगाया था जिसमें नेताओं की तस्वीर के साथ जाति लिखी गई थी। इसके बाद प्रदेश में पोस्टर वार शुरू हो गया। कांग्रेस के पोस्टर के जवाब में भाजपा ने भी पोस्टर लगवाया है, जिसमें नेताओं की तस्वीर के साथ जाति की जगह भारतीय लिखा गया।
हालांकि कांग्रेस के पोस्टर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने सफाई दी थी। उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं कि कांग्रेस कभी सवर्ण कार्ड तो कभी दलित कार्ड खेलती है। ऐसे में इस पोस्टर को सामाजिक समरसता के रूप में देखा जाना चाहिए। पोस्टर के माध्यम से लगाने वाले ने यह दिखाने की कोशिश की है कि कांग्रेस सभी जातियों को साथ लेकर चलती है।
वहीं, कांग्रेस को पोस्टर का जवाब देने के लिए भाजपा ने भी पोस्टर का सहारा लिया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की तस्वीर सबसे ऊपर है। इसके बाद राजनाथ सिंह, रविशंकर प्रसाद, मंगल पांडे, पूनम महाजन, गिरिराज सिंह, आरके सिंह जैसे कद्दावर नेताओं की भी तस्वीर देखी जा सकती है। इन सारे नेताओं की तस्वीरों के बीचोबीच भारतीय लिखा गया है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने ये पोस्टर लगाकर पार्टी की वैचारिक राष्ट्रवादी सोच को सामने रखा है और कांग्रेस पर पलटवार भी किया है। दूसरी ओर कांग्रेस के पोस्टर में राहुल गांधी को ब्राह्मण, शक्ति सिंह गोहिल को राजपूत, पूर्व राज्य अध्यक्ष कौकब कादरी को मुसलमान, अखिलेश सिंह को भूमिहार बताया गया है। इस पोस्टर से साफ हो गया कि महागठबंधन में कांग्रेस अपनी भूमिका कहां देख रही है। उसके निशाने पर अगडी जातियों के वोट हैं। इसी लिहाज से पोस्टर के जरिए भी जताया गया कि पार्टी में अगडी जातियों को तरजीह दी जा रही है।