बिहार: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मटन पार्टी में कार्यकर्ताओं ने खाई लाठियां
By एस पी सिन्हा | Published: May 14, 2023 03:20 PM2023-05-14T15:20:04+5:302023-05-14T15:21:19+5:30
प्राप्त जानकारी के अनुसार मीट-भात खाने पहुंचे ललन सिंह के समर्थक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मुंगेर का पोलो मैदान अखाड़े में तब्दील हो गया।

बिहार: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मटन पार्टी में कार्यकर्ताओं ने खाई लाठियां
पटना: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद ललन सिंह के द्वारा रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र मुंगेर के कार्यकर्ताओं के सम्मान में आयोजित मटन पार्टी में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक डीएसपी सहित कई लोगों के घायल होने की खबर है। कहा जा रहा है कि मुंगेर के पोलो मैदान में आयोजित इस मीट-भात के भोज में जदयू और महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को जमकर लाठियां खाने को मजबूर होना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मीट-भात खाने पहुंचे ललन सिंह के समर्थक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मुंगेर का पोलो मैदान अखाड़े में तब्दील हो गया। कई लोग एक दूसरे से हाथापाई करने लगे। इस बीच स्थिति अराजक होती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और हालात को बिगड़ता देख हल्का बल प्रयोग किया।
इस दौरान हुए भगदड़ में सदर डीएसपी राजेश कुमार सिन्हा घायल हो गए। कहा जा रहा है की जिस वक्त यह हंगामा हुआ उस दौरान ललन सिंह खुद ही पंडाल में मौजूद थे। इसी दौरान मटन खाने को लेकर कार्यकर्ता आपस में भीड़ गए। महाभोज स्थल कुछ समय के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। बाद में मीट-भात के बदले लाठी खाने के बाद कार्यकर्ता शांत हुए। भगदड़ में जदयू के जिला अध्यक्ष सहित कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।